रानीपुर नहर के पास मौत बनकर पलटा ट्रैक्टर,दो की दर्दनाक मौत, एक गंभीर
Pakur:जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर नहर के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। खाली ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके नीचे दबने से दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करणघाटी गांव निवासी चरण मरांडी और विभीषण मरांडी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार,ट्रैक्टर खाली था और कटे हुए धान को लाने के लिए जा रहा था।इसी दौरान रानीपुर नहर के समीप चालक का ट्रैक्टर से नियंत्रण हट गया और वाहन पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।सूचना मिलने पर हिरणपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी।वहीं, गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
एक ही गांव के दो लोगों की असामयिक मौत से करणघाटी गांव में मातम पसरा हुआ है।मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है,खुशियों और रोजमर्रा की जिंदगी के बीच अचानक हुए इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
REPORTER|RAJEEV KUMAR|PAKUR









