Sahibganj:संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं,बल्कि राष्ट्र निर्माण एवं आदर्श जीवन का मार्गदर्शक:डॉ.सिदाम सिंह मुंडा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मॉडल कॉलेज राजमहल में संविधान दिवस पर परिचर्चा आयोजित,विद्यार्थियों को दिलाई गई संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ

Sahibganj:जिले में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मॉडल कॉलेज,राजमहल में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सिदाम सिंह मुंडा ने की। इस दौरान शिक्षक- शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर संविधान के महत्व पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. रमजान अली ने भारतीय संविधान के ऐतिहासिक महत्व एवं निर्माण की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। इसी ऐतिहासिक अवसर की याद में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों एवं राज्य के नीति-निदेशक तत्वों की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। साथ ही यह नागरिकों को राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों और कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्रीय एकता को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. सिदाम सिंह मुंडा ने कहा कि भारतीय संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण एवं आदर्श जीवन का मार्गदर्शक है। यह महज कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि एक व्यापक जीवन-दर्शन है, जो हमें सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सशक्त एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों के प्रति सजग एवं प्रतिबद्ध रहना आवश्यक है। विशेषकर युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. रमजान अली ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी ने संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डॉ.अमित कुमार,अजय सोनी, राजीव यादव, करण,डॉ.मेरी मुर्मू सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक- शिक्षिकाएं एवं दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, लोकतांत्रिक चेतना एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें