भाजपा की प्रदेश स्तरीय संगोष्ठी में बाबा साहेब के योगदान पर चर्चा, संजय सेठ,निवेदिता सिंह और दीपक प्रकाश ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना
Ranchi:झारखंड प्रदेश भाजपा की ओर से संविधान गौरव दिवस के अवसर पर डिबडीह स्थित कार्निवल बैंक्वेट हॉल में प्रदेश स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों, संविधान निर्माण में उनके योगदान और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प पर चर्चा हुई। संगोष्ठी में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने कांग्रेस और झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर राजनीतिक निशाना साधा।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसमें प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अपनी सरकार चुनने का अवसर मिला है। संविधान की मूल भावना और आदर्शों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को उनके जीवनकाल में उचित सम्मान नहीं दिया। आपातकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचलने का काम हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कई बार अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। आज वही पार्टी संविधान बचाने की बात कर रही है।
एसआईआर को लेकर कांग्रेस और झामुमो पर निशाना
आदित्य साहू ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हुए कहा कि यह निर्वाचन आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और झामुमो इस प्रक्रिया का राजनीतिक विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैध नागरिकों का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए, लेकिन मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना भी आवश्यक है।
हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार और अवैध खनन का आरोप
झारखंड की हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए साहू ने राज्य में अवैध कोयला एवं लौह अयस्क खनन को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और सरकार को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय विकास, रोजगार तथा माताओं-बहनों की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए।
मोदी सरकार ने बाबा साहेब को दिलाया सम्मान : निवेदिता सिंह
बिहार विधानसभा की सदस्य एवं झारखंड भाजपा सह-प्रभारी निवेदिता सिंह ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब से जुड़े पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर राष्ट्रीय पहचान दिलाई गई। उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान का सबसे अधिक दुरुपयोग करने वाली पार्टी आज संविधान बचाने की बात कर रही है।
संविधान की आत्मा लोकतंत्र, इसका सम्मान जरूरी : संजय सेठ
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है। बाबा साहेब ने देश को दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कांग्रेस पर अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग और आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
बाबा साहेब के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता : दीपक प्रकाश
भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य दीपक प्रकाश ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान निर्माण में योगदान अतुलनीय है। उन्होंने संविधान सभा में झारखंड के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा, बाबू रामनारायण सिंह और देवेंद्र नाथ सामंत सहित अन्य सदस्यों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के साथ कांग्रेस के व्यवहार का इतिहास देश कभी नहीं भूलेगा।
संवैधानिक नैतिकता और संस्थाओं का सम्मान जरूरी : राजेंद्र कृष्णा
संविधान विशेषज्ञ एवं अधिवक्ता राजेंद्र कृष्णा ने उपस्थित लोगों को संविधान के पूर्ण पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संविधान की नैतिकता केवल कानूनों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने और संविधान में प्रदत्त अधिकारों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं की रही भागीदारी
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने किया। संगोष्ठी में राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, सुनीता सिंह, शालिनी बैसिखियार, मनीर उरांव, अमरदीप यादव, लाल राजेंद्र नाथ शाहदेव सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI









