Sahibganj:साहिबगंज की स्वास्थ्य व्यवस्था होगी और मजबूत,सदर अस्पताल में खुलेंगी नई सुविधाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से लेकर 108 एंबुलेंस सेवा तक, उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने दिए अहम निर्देश

Sahibganj:जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला अस्पताल प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों को सुलभ, बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सिविल सर्जन एवं सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक सिविल कार्यों की सूची अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों, सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों, एक्स-रे टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट एवं लैब टेक्नीशियन सहित आवश्यक चिकित्सा और तकनीकी कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में पहल करने की बात कही। वहीं सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम हाउस, कैंटीन, जन औषधि केंद्र, अमृत फार्मेसी एवं गार्ड रूम जैसी सुविधाओं के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया।

108 एंबुलेंस सेवा को दुरुस्त रखने का निर्देश

बैठक में 108 एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता एवं संचालन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने खराब एंबुलेंस की मरम्मत शीघ्र पूरी कराने और सभी एंबुलेंस को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने का निर्देश दिया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए नियमित निगरानी और बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की भी हुई समीक्षा

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी मरीजों की पहचान, अधिसूचना एवं उपचार की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बरहरवा सहित अन्य क्षेत्रों में टीबी मरीजों की अधिसूचना में सुधार लाने तथा निजी चिकित्सकों द्वारा चिह्नित मरीजों का विवरण समय पर पोर्टल पर दर्ज कराने का निर्देश दिया।

मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस

बैठक में गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित टीकाकरण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संचालन की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी पात्र लाभार्थियों तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने और निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, पल्स पोलियो, मलेरिया, कालाजार, फाइलेरिया एवं एनसीडी सेल सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन और स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें