26 नवंबर को प्रस्तावित अभ्यास की तैयारियां पूरी, बम की सूचना से लेकर बचाव एवं राहत कार्यों तक पर किया गया रिहर्सल
Sahibganj:आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से 26 नवंबर को प्रस्तावित सिविल डिफेंस रेड अलर्ट मॉक ड्रिल की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार सुबह सात बजे पुलिस लाइन मैदान में मॉक ड्रिल का पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों ने संयुक्त रूप से भाग लेकर आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का अभ्यास किया।
पूर्वाभ्यास के दौरान बम होने की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई, संदिग्ध वस्तुओं की मेटल डिटेक्टर से जांच, बम निष्क्रियकरण, बचाव एवं राहत कार्य, एंबुलेंस सेवा, अग्निशमन, चिकित्सकीय सहायता, पुलिस व्यवस्था और जनसंचार से जुड़े पहलुओं का रिहर्सल किया गया। साथ ही स्वांग दस्ते की भूमिका और विभिन्न टीमों के बीच समन्वय को लेकर भी आवश्यक जानकारी दी गई। वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संबंधित टीमों के कार्यों और जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण किया गया।
आपात स्थिति में बेहतर समन्वय पर जोर
इस पूर्वाभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर त्वरित, प्रभावी और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। प्रशासन का प्रयास है कि वास्तविक संकट के समय सभी संबंधित टीमें अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन तत्परता और व्यवस्थित तरीके से कर सकें।
विभिन्न विभागों के साथ शैक्षणिक एवं खेल संस्थानों की भागीदारी
पूर्वाभ्यास में नजारत उप समाहर्ता प्रमोद आनंद, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक और सार्जेंट मेजर रोहित दुबे सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। इसके अलावा गृह रक्षा वाहिनी, ग्रामीण पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, जवाहर नवोदय विद्यालय साहिबगंज, आवासीय बालक एथलेटिक्स एवं फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, डे बोर्डिंग बालिका एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र तथा खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के प्रशिक्षुओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रशासन की ओर से 26 नवंबर को प्रस्तावित सिविल डिफेंस रेड अलर्ट मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने की योजना है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









