Pakur:90 दिन से पुराने ई-चालान पर परिवहन विभाग सख्त,भुगतान नहीं किया तो ब्लैकलिस्ट होंगे वाहन!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लंबित चालानों की सूची व्यवहार न्यायालय को भेजने की तैयारी, वाहन मालिकों को जल्द भुगतान करने का निर्देश

Pakur:जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन कर ई-चालान की राशि जमा नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू करने की तैयारी की है। विभाग ने 90 दिनों से अधिक समय से लंबित ई-चालान का भुगतान जल्द करने की अपील करते हुए वाहन मालिकों को अंतिम चेतावनी दी है।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा है कि वाहन मालिक अपने वाहनों पर दर्ज लंबित ई-चालान की स्थिति की जांच कर बकाया जुर्माने का भुगतान समय पर सुनिश्चित करें। निर्धारित अवधि से अधिक समय तक चालान लंबित रहने और भुगतान नहीं किए जाने पर संबंधित वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

विभाग के अनुसार, 90 दिनों से अधिक पुराने और भुगतान नहीं किए गए चालानों की सूची व्यवहार न्यायालय, पाकुड़ को भी भेजी जाएगी। इससे वाहन मालिकों को कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं ऑनलाइन भुगतान के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचने के लिए विभाग ने वाहन मालिकों को केवल केंद्र सरकार के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल https://echallan. parivahan.nic.in/ का उपयोग करने की सलाह दी है। किसी निजी वेबसाइट या अनधिकृत मोबाइल ऐप के माध्यम से भुगतान करने से बचने की अपील की गई है,क्योंकि इससे आर्थिक ठगी या भुगतान अपडेट नहीं होने की आशंका रहती है।

किसी तरह की तकनीकी परेशानी या भुगतान संबंधी समस्या होने पर वाहन मालिक जिला परिवहन कार्यालय, पाकुड़ से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने सभी वाहन मालिकों से समय पर चालान जमा करने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|PAKUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें