Sahibganj:बरहरवा रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी की आशंका,7 नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू,एक गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वनांचल एक्सप्रेस से तमिलनाडु ले जाने की थी तैयारी,आम के बागान में मजदूरी कराने के लिए तय हुई थी 15-15 हजार रुपये की रकम

Sahibganj:रेलवे स्टेशन के जरिए बच्चों को दूसरे राज्य में ले जाकर मजदूरी कराने के मामले का आरपीएफ बरहरवा ने खुलासा किया है,गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ की टीम ने बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक स्थित प्रतीक्षालय से सात नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया।मौके से बच्चों को तमिलनाडु ले जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से संभावित बाल श्रम और मानव तस्करी का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार 27 नवंबर की रात आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में छापामार दल ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई की। टीम में कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह, सतीश कुमार,अनिल कुमार साह तथा मंथन संस्था बरहरवा की प्रति निधि अराधना मंडल शामिल थीं। टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या एक के प्रतीक्षालय में सात बच्चों को संदिग्ध परिस्थितियों में पाया और उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू किया।

विज्ञापन:संपर्क करें

मौके से गुलाम रसूल (27 वर्ष) निवासी उत्तरी सरफराजगंज, फुदकीपुर,थाना राधानगर,जिला साहिबगंज को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह सातों बच्चों को वनांचल एक्सप्रेस से बरहरवा से धनबाद और वहां से दूसरी ट्रेन के जरिए सलेम (तमिलनाडु) ले जाने की तैयारी में था।

पूछताछ के दौरान कथित तौर पर पता चला कि बच्चों को तमिलनाडु के आम के बागानों में सफाई, आम के पेड़ों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और आम तोड़ने के काम में लगाया जाना था।इसके लिए प्रत्येक बच्चे के बदले करीब 15 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी,आरोपी के अनुसार बच्चों से प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक काम कराया जाना था और इसके बदले उसे बागान मालिक से कमीशन मिलता।

रेस्क्यू किए गए सात बच्चों में एक की उम्र 13 वर्ष जबकि शेष छह की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है।बच्चों को कीट नाशक दवाओं के संपर्क में रखकर काम कराने और लंबे समय तक मजदूरी करवाने से उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था।

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार की लिखित शिकायत पर गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया गया।इसके बाद जीआरपी बरहरवा ने कांड संख्या 65/2026, दिनांक 28 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 143(5), 3(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75/81 के तहत मामला दर्ज किया है।

रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को आवश्यक देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास के लिए संबंधित बाल कल्याण समिति एवं सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

आरपीएफ ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चों को मजदूरी या शोषण के उद्देश्य से ले जाने जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BARHARWA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें