बड़ी खबर:मालदा रेलखंड के महा राजपुर में फिर फटी जमीन,रेलवे ट्रैक पर मंडराने लगा गंगा कटाव का खतरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झंझरी पुल के पास रेलवे पोल संख्या 219/38 के समीप उभरीं बड़ी-बड़ी दरारें, पहले भी कटाव से प्रभावित हुआ था रेल परिचालन; अस्थायी बचाव कार्य के बावजूद दोबारा गहराई चिंता

Sahibganj:जिले में गंगा का कटाव एक बार फिर महाराज पुर के झंझरी पुल के समीप रेलवे लाइन की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनता नजर आ रहा है,रेलवे पोल संख्या 219 /38 के पास जमीन में बड़ी-बड़ी दरारें उभरने से रेल पटरी पर खतरे की आशंका बढ़ गई है,स्थानीय लोगों के अनुसार दरार वाली जगह रेलवे ट्रैक से महज पांच कदम की दूरी पर है।जमीन में दोबारा दरारें दिखाई देने के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल है।

दरअसल महाराजपुर और सकरीगली क्षेत्र में गंगा की तेज धारा के कारण पहले भी कटाव की स्थिति गंभीर हो चुकी है,पूर्व में पानी रेलवे लाइन के बेहद करीब पहुंच गया था,जिससे रेल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी थी,कटाव के प्रभाव के कारण सकरी गली-महाराजपुर रेलखंड पर परिचालन भी प्रभावित हुआ था। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए बचाव के उपाय किए थे।

पूर्व में कटाव प्रभावित स्थल पर रेलवे की ओर से बोल्डर कंक्रीट स्लीपर एवं अन्य सामग्रियों के सहारे अस्थायी कटावरोधी कार्य कराया गया था,मजदूरों के माध्यम से बोल्डर डालकर मिट्टी के कटाव को रोकने और रेलवे ट्रैक को सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया था।उस समय उम्मीद जताई गई थी कि इन उपायों से तत्काल खतरे को नियंत्रित किया जा सकेगा।

लेकिन अब उसी इलाके में दोबारा जमीन फटने और बड़ी-बड़ी दरारें उभरने से पुराने खतरे की आशंका फिर गहराने लगी है। स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि गंगा के पानी का रिसाव अथवा जमीन के भीतर मिट्टी के खिसकने से ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।हालांकि दरारों के वास्तविक कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।

अस्थायी बचाव के बाद स्थायी समाधान की जरूरत

लगातार सामने आ रही कटाव की समस्या ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और स्थायी बचाव कार्यों की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं,स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल बोल्डर डालकर तत्काल राहत देने के बजाय पूरे प्रभावित क्षेत्र का भू- तकनीकी सर्वेक्षण कराया जाना चाहिए।विशेषज्ञों की टीम से जमीन की स्थिति, मिट्टी की मजबूती और पानी के संभावित रिसाव की जांच कराकर ठोस कटावरोधी योजना तैयार करने की जरूरत है।

गौरतलब है कि 13 नवंबर को आयोजित जिला गंगा समिति की बैठक में भी बास्कोला रेलवे लाइन के समीप गंगा कटाव से रेलवे अवसंरचना और आसपास के क्षेत्रों को संभावित खतरे का मुद्दा उठाया गया था।बैठक में पहले किए गए अस्थायी कटाव रोधी कार्यों के साथ व्यापक एवं स्थायी तट संरक्षण की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई थी।

अब झंझरी पुल के पास दोबारा जमीन में दरारें उभरने के बाद रेलवे प्रशासन के सामने चुनौती है कि समय रहते स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं,क्योंकि मामला केवल रेलवे की संपत्ति का नहीं,बल्कि इस रेलखंड से गुजरने वाले हजारों यात्रियों की सुरक्षा से भी जुड़ा है।

बड़ा सवाल यह है कि क्या पिछली बार की तरह इस बार भी अस्थायी उपायों तक ही कार्रवाई सीमित रहेगी या फिर रेलवे प्रशासन स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल करेगा।

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें