Jamtara:कैंडल मार्च से बाल विवाह के खिलाफ बुलंद हुई आवाज,बेटियों ने लिया बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिक्षा,सुरक्षा और सम्मान का संदेश लेकर सड़क पर उतरीं छात्राएं,बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी

Jamtara:अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया।इस दौरान समुदाय की युवतियों एवं छात्राओं ने कैंडल मार्च निकालकर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध आवाज बुलंद की। बेटियों ने शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश देते हुए बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

चेतना विकास के बैनर तले आयोजित इस अभियान के तहत फतेहपुर प्रखंड के फतेहपुर,बनगड़ी और निमडांगाल में सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सामाजिक कार्यकर्ता शांति गोपाल महतो के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवतियों एवं छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान चेतना विकास के सामाजिक कार्यकर्ता शांति गोपाल महतो ने छात्राओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक, स्वास्थ्य एवं सामाजिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा और उनके अधिकारों को प्रभावित करता है।उन्होंने छात्राओं से अपनी पढ़ाई जारी रखने, अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज उठाने की अपील की।

कैंडल मार्च के माध्यम से छात्राओं ने समाज को संदेश दिया कि बेटियों का भविष्य कम उम्र में शादी नहीं, बल्कि बेहतर शिक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भरता से सुरक्षित होगा। इस अवसर पर उपस्थित युवतियों एवं छात्राओं को अपने आसपास बाल विवाह की किसी भी घटना को रोकने और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में सेविका परवीन बीबी सहित छात्राएं एवं समुदाय की अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। अभियान के माध्यम से सामूहिक जागरूकता और सामाजिक सहभागिता के जरिए बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया है।

REPORTER|SANTOSH KUMAR|JAMTARA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें