Ranchi;पत्रकार अभिषेक भारती की रिहाई की मांग को लेकर लोकभवन के सामने भाजयुमो का जोरदार धरना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अशोक बड़ाईक बोले—पत्रकार को जेल में डालकर सच की आवाज नहीं दबा सकती सरकार, विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों की हो निष्पक्ष जांच

Ranchi:झारखंड के चर्चित पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी एवं कथित पुलिस प्रताड़ना के विरोध में भारतीय जन ता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने लोकभवन के समीप नागाबाबा खटाल के पास एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।इस दौरान झारखंड की कानून-व्यवस्था,महिलाओं एवं आदिवासी बेटियों की सुरक्षा तथा विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग उठाई गई। प्रदर्शन में सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरना को संबोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और आम जनता न्याय की उम्मीद लगाए बैठी है।उन्होंने पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और उनके साथ कथित अमानवीय व्यवहार पर सवाल उठाते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर मामला बताया।

शशांक राज ने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए,कानून की नजर में सभी समान हैं और किसी को भी राजनीतिक पद की आड़ में जांच से बचने का अवसर नहीं मिलना चाहिए,उन्होंने चेतावनी दी कि पत्रकारों के उत्पीड़न, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भाजयुमो चुप नहीं बैठेगा तथा पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।

प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक ने अपने संबोधन में तीखे शब्दों में कहा कि लोकतंत्र में पत्रकार की कलम को डराने और उसकी आवाज को दबाने का प्रयास किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और जब कोई पत्रकार किसी पीड़ित की आवाज उठाता है,तो उसे सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए, न कि प्रताड़ना और जेल। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एक नाबालिग आदिवासी बच्ची की पीड़ा को सामने लाना अप राध है,तो फिर पीड़ितों को न्याय दिलाने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा! उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पत्रकार अभिषेक भारती के मामले में कथित पुलिस प्रताड़ना की निष्पक्ष जांच कब होगी और विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों में कार्रवाई कब की जाएगी,सत्ता में बैठे लोगों के लिए अलग कानून और आम नागरिकों के लिए अलग कानून नहीं चल सकता। जब तक पत्रकार को न्याय और पीड़ित बच्ची को इंसाफ नहीं मिलता, भाजयुमो लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने कहा कि राज्य में शिक्षा,स्वास्थ्य,रोजगार और कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मोर्चों पर जनता के बीच सवाल उठ रहे हैं। पत्रकार अभिषेक भारती का मामला अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि न्याय और जवाबदेही की मांग को लेकर भाजयुमो अपनी आवाज गांव से लेकर राजधानी तक बुलंद करेगा।

वहीं प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव एवं अजय साह ने भी पत्रकार अभिषेक भारती की रिहाई और उनके साथ कथित पुलिस प्रताड़ना की निष्पक्ष जांच की मांग की,उन्होंने विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने तथा नार्को टेस्ट की मांग भी उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने पत्रकार अभिषेक भारती की तत्काल रिहाई, विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच, पीड़ित नाबालिग बच्ची को न्याय तथा महिलाओं एवं आदिवासी बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि इन मुद्दों पर न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने किया। मौके पर अशोक बड़ाईक, अजय साह, प्रतुल शाहदेव, रमेश सिंह, मुंचुन राय, ललित ओझा, राहुल चौधरी, अमित साहू, पूजा सिंह, सतीश सिंह, बबन बैठा, संजय महतो, रंजीत सहदेव, जितेंद्र वर्मा, संकेत तिवारी, सुधाकर चौबे, अमिताभ धीरज, विक्की लोहरा, विक्रांत तिवारी, शशिकांत सिंह, सचिन साहू, धर्मवीर सिंह, तरुण दास, इंद्रजीत यादव सहित सैकड़ों युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें