भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर साधा निशाना, कहा—जनता का विश्वास जीतना जरूरी
साहिबगंज (Sahibganj):-कांग्रेस पार्टी लगातार ईवीएम से चुनाव कराने की प्रक्रिया पर सवाल उठाती रही है और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करती रही है। इसी मुद्दे को लेकर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली प्रस्तावित है।इस बीच भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंग प्रसाद यादव ने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए पार्टी नेतृत्व से आत्ममंथन करने की अपील की है।
बजरंग प्रसाद यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद की 28 सीटों पर बैलेट पेपर से चुनाव हुए। उनके मुताबिक, इन चुनावों में कांग्रेस ने 12 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, लेकिन उसे केवल महाराष्ट्र की एक सीट पर जीत मिली। उन्होंने कर्नाटक का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद पार्टी चारों सीटों पर जीत हासिल नहीं कर सकी, जबकि भाजपा-जेडीएस गठबंधन ने सभी चार सीटों पर जीत दर्ज की।
भाजपा नेता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से सवाल किया कि जब चुनाव बैलेट पेपर से हुए, तब हार की जिम्मेदारी किसकी है? उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत हासिल करने के लिए जनता और मतदाताओं का विश्वास जीतना जरूरी है। राजनीतिक दलों को जनता के सुख-दुख की चिंता करनी चाहिए और जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करनी चाहिए।
यादव ने कहा कि केवल ईवीएम और चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाने से राजनीतिक सफलता नहीं मिल सकती। कांग्रेस को अपने चुनावी प्रदर्शन की ईमानदारी से समीक्षा करनी चाहिए। साथ ही, पार्टी को अपनी राजनीतिक रणनीति और परिवारवाद के मुद्दे पर भी आत्ममंथन करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव ईवीएम से हो या बैलेट पेपर से,जनता का फैसला सर्वोपरि होता है। राजनीतिक दलों को चुनावी परिणामों से सबक लेकर अपनी कमियों को दूर करना चाहिए और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









