बड़ी खबर:कोयले की ढुलाई में मनमानी पड़ी भारी,परिवहन विभाग का चला चाबुक,19 वाहनों पर 4,01,001 रुपये का जुर्माना!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोयले की ढुलाई में मनमानी पड़ी भारी,परिवहन विभाग का चला चाबुक,19 वाहनों पर 4 लाख का जुर्माना!

पाकुड़,Pakur:जिले में सड़क पर दौड़ते कोयले के भारी-भर कम वाहन,नियमों की अनदेखी और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आखिरकार परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। कोयला ढुलाई के नाम पर यातायात नियमों को ताक पर रखने वाले वाहन चालकों पर जिला परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार शाम चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान में 19 भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 4 लाख 1 हजार 1 रुपये का ऑनलाइन चालान काटा गया। इस कार्रवाई के बाद कोयला ढुलाई करने वाले वाहन चालकों और संचालकों के बीच हड़कंप मच गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में अमरपाड़ा कोल साइडिंग से पाकुड़ और दुमका रेलवे साइडिंग की ओर जाने वाले कोयला लदे भारी वाहनों की जांच की गई। इस दौरान विभागीय टीम ने करीब 40 से 50 वाहनों को रोककर उनके कागजात, भार क्षमता, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी नियमों की बारीकी से जांच की।

कहीं ओवरलोडिंग तो कहीं बिना तिरपाल के ढुलाई, जांच में खुली नियमों की पोल

जांच अभियान के दौरान कई वाहनों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कुछ वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक कोयला लेकर सड़क पर दौड़ रहे थे, तो कई वाहनों में कोयला ढुलाई के दौरान तिरपाल तक नहीं लगाया गया था। इतना ही नहीं, कुछ वाहन चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं पाया गया। इसके अलावा भी यातायात एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामले सामने आए।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने 19 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की और कुल 4,01,001 रुपये का ऑनलाइन चालान काटा।

24 घंटे का अल्टीमेटम, जुर्माना नहीं भरा तो बढ़ सकती हैं मुश्किलें

जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने चालान किए गए वाहन चालकों को 24 घंटे के अंदर जुर्माने की राशि जमा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चालान का भुगतान केवल झारखंड सरकार के परिवहन विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही किया जाए। भुगतान करने में किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य परेशानी होने पर वाहन चालक जिला परिवहन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने वाहन चालकों को आगाह किया कि सरकारी चालान भुगतान के नाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति या माध्यम पर भरोसा न करें। निर्धारित सरकारी पोर्टल के जरिए ही जुर्माने की राशि जमा करें।

सिर्फ चालान नहीं, सड़क सुरक्षा का भी दिया संदेश

वाहन जांच अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी चालकों को जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि भारी वाहन चलाना केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी भी है। चालक की एक छोटी-सी लापरवाही सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल सकती है।

वाहन चालकों को विशेष रूप से नशे की हालत में गाड़ी नहीं चलाने, पर्याप्त नींद और आराम करने के बाद ही वाहन चलाने तथा नींद पूरी नहीं होने की स्थिति में स्टीयरिंग से दूर रहने की सलाह दी गई। साथ ही कोयला ढुलाई के दौरान तिरपाल का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, वाहन को निर्धारित भार क्षमता के अनुसार चलाने और सभी जरूरी कागजात साथ रखने की हिदायत दी गई।

नियमों से खिलवाड़ करने वालों को साफ संदेश

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि सड़क पर मनमानी करने वाले भारी वाहन चालकों को अब नियमों की अनदेखी करना महंगा पड़ सकता है। कोयला ढुलाई के दौरान ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल परिवहन और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के अभाव जैसी लापरवाहियों पर विभाग की नजर बनी हुई है।

परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों एवं संचालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं।

क्योंकि सड़क किसी की जागीर नहीं, हर राहगीर की जिंदगी की जिम्मेदारी है। कोयले की कमाई से बड़ी इंसान की जान है और कुछ रुपये बचाने की जल्दबाजी किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है।

REPORTER|RAJEEV KUMAR|PAKUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें