जमीन विवाद और प्रशासनिक कार्रवाई में कथित लापरवाही को लेकर उठाए थे सवाल,पिठोरिया पुलिस जांच में जुटी
रांची,Ranchi:झारखंड के चर्चित आदिवासी नेत्री निशा भगत के निधन की खबर सामने आने के बाद आदिवासी समाज में शोक की लहर है।शुक्रवार को हुई इस घटना ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पिठोरिया थाना की पुलिस उनके आवास पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, निधन से कुछ समय पहले निशा भगत सोशल मीडिया पर लाइव आई थीं। इस दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी समाप्त करने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी से फोन पर संपर्क कर अपनी परेशानियों के बारे में भी जानकारी दी थी।
जमीन विवाद और प्रशासन पर लगाए थे आरोप
सोशल मीडिया पर प्रसारित लाइव वीडियो में निशा भगत ने झारखंड सरकार और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि जमीन विवाद से जुड़े मामले में उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। साथ ही, उन्हें कथित रूप से बदनाम करने वाले लोगों के खिलाफ शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अपनी शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने को लेकर उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की थी।
लाइव प्रसारण के दौरान उन्होंने भाजपा और आरएसएस का भी जिक्र किया। उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनकी लड़ाई किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि आदिवासी समाज और उसके अधिकारों के लिए थी। इस दौरान अपने माता-पिता को याद करते हुए वह भावुक भी नजर आई थीं।
मौत के बाद प्रशासनिक भूमिका पर उठे सवाल
निशा भगत के निधन के बाद उनके द्वारा लगाए गए आरोपों और पूर्व में की गई शिकायतों को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सबसे अहम सवाल यह है कि जब वह सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी जिंदगी समाप्त करने की बात कह रही थीं और कथित तौर पर थाना प्रभारी से भी संपर्क कर चुकी थीं, तो क्या समय रहते उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए कोई प्रभावी कदम उठाया गया था?
वहीं, जमीन विवाद से जुड़े मामले में उनकी शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई थी और संबंधित अधिकारियों ने मामले को कितनी गंभीरता से लिया था, इसकी भी जांच जरूरी मानी जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच का इंतजार
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों, घटना से पहले की परिस्थितियों और सोशल मीडिया लाइव में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आधिकारिक जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नोट: यह खबर प्रारंभिक जानकारी और सोशल मीडिया पर प्रसारित लाइव वीडियो के आधार पर तैयार की गई है। निशा भगत की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। लाइव वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं की गई है। इसलिए किसी भी आरोप को अंतिम सत्य नहीं माना जाना चाहिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुलिस जांच और प्रशासन के आधिकारिक बयान के आधार पर खबर को आगे अपडेट किया जाएगा।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI









