बड़ी खबर:सड़क हादसों की चीखों से गूंजा जामताड़ा,तीन हादसों ने मचाया कोहराम,दो की मौत तो दो गंभीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पबिया में युवक की मौत के बाद चार घंटे तक एनएच जाम, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को करना पड़ा विरोध का सामना; धनबाद में पारा शिक्षक ने तोड़ा दम

Road Accident,Jamtara:जिले में सोमवार को सड़क हादसों का सिलसिला देखने को मिला।अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन दुर्घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई,जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा है। वहीं, लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने जिले की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहली घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया स्थित केंदुआटांड़ के समीप गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर हुई। यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से देवघर जिले के करौं थाना क्षेत्र अंतर्गत बांद डीह निवासी 24 वर्षीय आकाश सोरेन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।बताया जाता है कि वह उदयपुर में आयोजित जातरा देखने जा रहे थे।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और मुआवजे सहित सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग को लेकर रात 8:30 बजे से 12:30 बजे तक करीब चार घंटे हाईवे जाम रखा। इस दौरान जातरा का उद्घाटन करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त कराया गया।

दूसरी दुर्घटना जामताड़ा थाना क्षेत्र के पोसोई मोड़ के पास रात करीब 10:30 बजे हुई। यहां ट्रैक्टर और बाइक के बीच टक्कर में खरगोकुड़ी निवासी कालू रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

तीसरी घटना फतेहपुर प्रखंड के डुमरिया गांव के समीप हुई। अज्ञात वाहन की टक्कर से कठबरारी निवासी चेतलाल मंडल (45) और श्यामलाल मंडल (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया। इलाज के दौरान मध्य विद्यालय कठबरारी में कार्यरत पारा शिक्षक चेतलाल मंडल ने दम तोड़ दिया, जबकि श्यामलाल मंडल की हालत गंभीर बनी हुई है।

हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जिले में एक ही दिन में हुई तीन सड़क दुर्घटनाओं ने यातायात और सड़क सुरक्षा व्यवस्था की चिंता बढ़ा दी है। विशेषकर गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, संकेतक बोर्ड और वाहनों की गति पर नियंत्रण की आवश्यकता जताई है। सवाल यह है कि आखिर कब तक सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही लोगों की जिंदगी छीनती रहेगी।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|JAMTARA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें