छठ घाट पर उतरी खाकी,हाथों में झाड़ू लेकर पुलिसकर्मियों ने दिया स्वच्छता का संदेश
Pakur:लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच मालपहाड़ी पुलिस ने सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की।मालपहाड़ी ओपी अंतर्गत स्थानीय छठ घाट पर पुलिस कर्मियों ने साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने स्वयं सफाई कार्य में भाग लिया और घाट परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दिया।
छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।ऐसे में घाटों की स्वच्छता और साफ-सफाई सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।इसी उद्देश्य से मालपहाड़ी पुलिस ने यह पहल की,ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है,बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन और जनहित के कार्यों में भागीदारी भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
मालपहाड़ी पुलिस के इस सराहनीय प्रयास की स्थानीय स्तर पर प्रशंसा हो रही है।खाकी के इस मानवीय और सामाजिक रूप ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक होने का सकारात्मक संदेश दिया है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|PAKUR









