SIR में पात्र मतदाताओं के नाम कटने पर जतायी चिंता, उधवा और अंबेडकर नगर का मामला सदन में उठाया
Ranchi:झारखंड विधानसभा में विशेष गहन मतदाता पुन रीक्षण (SIR) और घुसपैठ के मुद्दे पर राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बांग्ला भाषी लोगों को घुसपैठिया कहना बंद किया जाना चाहिए। भाषा या रिश्तेदारी के आधार पर किसी को घुसपैठिया करार देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर वर्षों से मतदान करते आ रहे वास्तविक नागरिकों को परेशान करना और उनके मताधिकार पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
विधायक ने सदन में कहा कि पुराने समय में बिहार, बंगाल और ओडिशा की प्रशासनिक व्यवस्था आपस में जुड़ी हुई थी। उस दौरान कई सरकारी और जमीन से संबंधित दस्तावेज बांग्ला भाषा में तैयार किये गये थे। झारखंड गठन से पहले उधवा क्षेत्र के कई लोगों की जमीन के दस्तावेज पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक सहित अन्य निबंधन कार्यालयों में बने थे। इसलिए वर्तमान प्रशासनिक सीमाओं के आधार पर पुराने दस्तावेजों को खारिज नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने SIR प्रक्रिया में पुराने दस्तावेजों में नाम, उम्र और वर्तनी की मामूली त्रुटियों के कारण पात्र मतदाताओं को हो रही परेशानी पर चिंता जतायी। विधायक ने कहा कि पुराने अभिलेखों की गलतियों की सजा वर्तमान पीढ़ी को नहीं मिलनी चाहिए।
अंबेडकर नगर और विस्थापित परिवारों का उठाया मामला
राजमहल प्रखंड के अंबेडकर नगर का मामला उठाते हुए एमटी राजा ने कहा कि वर्षों से निवास कर रहे और लगातार मतदान करते आ रहे कई लोगों के नाम SIR प्रक्रिया में हटाये जाने की शिकायतें मिली हैं। गंगा कटाव से विस्थापित परिवारों के पास जमीन के कागजात उपलब्ध नहीं होने पर भी उनकी पात्रता पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए। उन्होंने पूर्व की मतदाता सूची, वोटर आईडी, राशन कार्ड, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और अन्य स्वीकार्य साक्ष्यों के आधार पर पात्रता का दोबारा सत्यापन करने की मांग की।
उधवा अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल
विधायक ने उधवा अंचल कार्यालय में प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर आम लोगों को बार-बार चक्कर लगवाने और अनावश्यक परेशान करने की शिकायतों का भी जिक्र किया। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
विशेष सहायता केंद्र बनाने की मांग
एमटी राजा ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। नाम और वर्तनी में मामूली अंतर को नाम हटाने का आधार नहीं बनाया जाए। पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर वैकल्पिक साक्ष्य और स्थानीय सत्यापन की व्यवस्था हो। बुजुर्गों, महिलाओं, गरीबों और अशिक्षित मतदाताओं की सहायता के लिए प्रखंड स्तर पर विशेष सहायता केंद्र स्थापित किये जाएं।
अपने संबोधन में विधायक ने SIR प्रक्रिया के परिणामों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर इस प्रक्रिया के बाद कितने घुसपैठियों की पहचान हुई है? उन्होंने आरोप लगाया कि एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। साथ ही एक-एक विधानसभा क्षेत्र से 50 से 55 हजार तक मतदाताओं के नाम काटे जाने की बात कही जा रही है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि घुसपैठ के मुद्दे पर ही आप लोग बुरी तरह हार गये और सदन के उस पार बैठे हैं।
विधायक ने सरकार और चुनाव आयोग से SIR प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से पूरा करने की मांग की, ताकि कोई भी वास्तविक और पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न हो।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI









