दो अलग-अलग मामलों में छापेमारी कर 16 मोबाइल, 17 सिम और एक लैपटॉप जब्त,फर्जी कस्टमर केयर बनकर लोगों को लगाते थे चूना
Jamtara:जिले में साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा में पुलिस ने ठगी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 10 साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी राजेश मंडल,पुलिस निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह और पुलिस अवर निरीक्षक हीरा लाल महतो की टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी गांव स्थित पर्वत टांड़ी के पीछे छापेमारी की। इस दौरान पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 77/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद अंसारी (23), समीर अंसारी (24), दिलबर अंसारी (21), कलीम अंसारी (42) और इमरान अंसारी (25) के रूप में हुई है। सभी नारायणपुर थाना क्षेत्र के बदरचुआ गांव के निवासी बताए गए हैं।
वहीं साइबर अपराध थाना कांड संख्या 76/26 में विशेष टीम ने दूसरी कार्रवाई करते हुए पांच अन्य आरोपियों संजय मंडल, राज मंडल, गुड्डू मंडल, धीरज कुमार साव और रोशन कुमार को गिरफ्तार किया है।
फर्जी कस्टमर केयर बनकर करते थे साइबर ठगी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गूगलपर विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों, ई-पेमेंट कंपनियों और उपभोक्ता सामग्री कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के रूप में अपना फर्जी मोबाइल नंबर डालते थे।इसके बाद ग्राहक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन नंबरों पर संपर्क करते थे। आरोपी समस्या का समाधान करने का झांसा देकर उनके मोबाइल पर एपीके फाइल भेजते थे और इसके माध्यम से गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
इसके अलावा आरोपी अपने नाम पर चार से पांच से अधिक सिम कार्ड प्राप्त कर अन्य साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे और इस तरह साइबर अपराध के नेटवर्क को सहयोग पहुंचाते थे। पुलिस के अनुसार, इनका कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।
जनवरी से अब तक 170 की गिरफ्तारी, लाखों की संपत्ति जब्त
जामताड़ा पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 से 25 नवंबर 2026 तक साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई में कुल 170 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने 410 मोबाइल फोन, 496 सिम कार्ड, 37 एटीएम कार्ड, सात पासबुक, चार लैपटॉप और 13 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इसके अलावा 24 लाख 33 हजार 700 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के नेटवर्क पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस की ओर से लोगों को अनजान कस्टमर केयर नंबरों पर भरोसा नहीं करने, किसी के कहने पर एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने और अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी जा रही है।
REPORTER|SANTOSH KUMAR|JAMTARA









