500 से 700 लोग धरने में हुए शामिल, मालतो-मावड़ो भाषा को जनजातीय भाषा में शामिल करने और 2 प्रतिशत आरक्षण की उठी मांग
Pakur:जिले में अपनी विभिन्न मांगों और अधिकारों को लेकर पहाड़िया समुदाय के सैकड़ों लोगों ने अखिल भारतीय आदिम जनजाति विकास समिति के बैनर तले पाकुड़ समाहर णालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने में जिले के दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे करीब 500 से 700 लोग शामिल हुए,कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के सचिव सह पूर्व जिला परिषद सदस्य शिवचरण मालतो ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए शिवचरण मालतो ने आरोप लगाया कि सरकार आदिम जनजाति समुदाय के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। समुदाय के अधिकारों में कटौती की जा रही है और उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि पहाड़िया समुदाय लंबे समय से अपने हक और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है,लेकिन अब तक उनकी प्रमुख मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रदर्शन के दौरान समिति ने मालतो और मावड़ो भाषा को झारखंड की जनजातीय भाषाओं में शामिल करने,आदिम जनजाति समुदाय को दो प्रतिशत आरक्षण देने तथा महिलाओं को 2500 रुपये मासिक पेंशन देने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा झारखंड राज्य जनजाति सलाहकार परिषद में समुदाय के एक सदस्य को प्रतिनिधित्व देने सहित कुल 10 मांगों को पूरा करने की मांग की गई।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा तेज
समिति ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इसके तहत आगामी 30 दिसंबर को दुमका में आयुक्त के समक्ष धरना दिया जाएगा। इसके बाद रांची में राज्यपाल के समक्ष आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई।
धरने के समापन पर समिति की ओर से राष्ट्रपति के नाम संबोधित 10 सूत्री मांग पत्र उपायुक्त को सौंपा गया। शिवचरण मालतो ने कहा कि पहाड़िया समुदाय अब अपने अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगा। मांगें पूरी नहीं होने पर समुदाय अपने हक और अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगा।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|PAKUR









