‘खोजे मोबाइल’अभियान के तहत साहिबगंज पुलिस ने लौटाई लोगों की खोई खुशियां,राजमहल राज महल पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के चार थानों से बरामद हुए मोबाइल
Sahibganj:चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी साहिबगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संचालित ‘खोजे मोबाइल’ अभियान के तहत पुलिस ने कुल 66 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्त विक मालिकों को सौंप दिया। बुधवार को राधानगर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइल फोन का वितरण किया गया। लंबे समय से अपने खोए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के चेहरे मोबाइल वापस मिलने पर खिल उठे।
पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन राजमहल अनुमंडल क्षेत्र के चार थाना क्षेत्रों से प्राप्त हुए हैं।इनमें राधानगर थाना से 08,राजमहल थाना से 42, तालझारी थाना से 12 तथा तीन पहाड़ थाना से 04 मोबाइल फोन शामिल हैं।बरामद मोबाइल में 09 आईफोन भी शामिल हैं।इनमें राजमहल थाना क्षेत्र से 02 और तालझारी थाना क्षेत्र से 07 आईफोन बरामद किये गये हैं।
इस संबंध में राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।तकनीकी सहायता और पुलिस टीम के प्रयास से इन 66 मोबाइलों को बरामद किया गया है।बरामद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें,ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके।उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और उनकी शिकायतों का त्वरित निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुआ वितरण
मोबाइल वितरण कार्यक्रम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान राधानगर, राजमहल, तालझारी और तीनपहाड़ थाना के थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है, जो लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे। ‘खोजे मोबाइल’ अभियान के माध्यम से पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि चोरी और गुम हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









