Ranchi:’कलम की आवाज दबाकर सच को कैद नहीं कर सकती सरकार’, पत्रकारों पर पुलिसिया कार्रवाई से बरसे दीपक प्रकाश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने न्यूज चैनल कार्यालय में कथित अवैध तलाशी को बताया लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला, भूषण बाड़ा मामले में सरकार और कांग्रेस नेतृत्व को घेरा

Ranchi:झारखंड में नाबालिग आदिवासी बच्ची से कथित दुष्कर्म और यौन शोषण के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।इस मामले से जुड़ी खबरों के प्रसारण के बाद एक न्यूज चैनल के कार्यालय में पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की आवाज दबाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने न्यूज चैनल के कार्यालय में बिना सर्च वारंट पुलिस के प्रवेश और तलाशी की घटना को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए इसकी तुलना आपातकाल से की।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दीपक प्रकाश ने सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे यौन शोषण के आरोपों को लेकर सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 13 नवंबर को सिमडेगा की 14 वर्षीय आदि वासी बच्ची ने विधायक के खिलाफ दुष्कर्म और यौन शोषण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। बच्ची का न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष बीएनएस की धारा 183 के तहत बयान दर्ज होने के बाद सरकार और कांग्रेस की बेचैनी बढ़ गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता को न्याय दिलाने और मामले को उजागर करने के बजाय मीडिया पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। दीपक प्रकाश ने कहा कि सत्ता पक्ष के विधायक पर इतने गंभीर आरोप लगने के बावजूद सरकार की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।

‘बिना वारंट आधी रात को मीडिया कार्यालय में घुसना कहां का कानून!’

दीपक प्रकाश ने हरमू स्थित एक प्रतिष्ठित न्यूज चैनल के कार्यालय में पुलिस की कथित दबिश पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सादे लिबास में पुलिसकर्मी रात के समय कार्यालय में पहुंचे और तलाशी के नाम पर भय का माहौल बनाया।उनके मुताबिक,सूचना मिलने पर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद वह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बिना सर्च वारंट के रात में किसी मीडिया संस्थान के कार्यालय में इस तरह प्रवेश किया जा सकता है? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यालय से कीमती उपकरण और सामान ले जाए गए, लेकिन उनकी जब्ती की विधिवत सूची और पंचनामा तैयार नहीं किया गया। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

भूषण बाड़ा के पुराने मामलों का भी किया जिक्र

भाजपा नेता ने विधायक भूषण बाड़ा के चुनावी हलफनामों में दर्ज आपराधिक मामलों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2019 और 2024 के चुनावी दस्तावेजों में यौन शोषण से संबंधित मुकदमों का उल्लेख रहा है। उन्होंने एमएलए/एमपी केस संख्या 5/21 और सिमडेगा महिला थाना के जीआर नंबर 320/19 का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि ऐसे मामलों के बावजूद विधायक को दो बार टिकट किस आधार पर दिया गया?

उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। दीपक प्रकाश ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ में यौन शोषण के आरोपों के लिए भी जगह है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए और विधायक के खिलाफ लगे गंभीर आरोपों पर जवाब देना चाहिए।

‘झारखंड में लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास’

दीपक प्रकाश ने पुलिस प्रशासन पर सत्ता पक्ष के विधायक को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने सिमडेगा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उनका दावा था कि विधायक अपने प्रभाव से अधिकारियों के तबादले कराने की बात कहते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष है तो उसे किसी राजनीतिक दबाव के बिना पूरे मामले की जांच करनी चाहिए।

उन्होंने इस कार्रवाई को वर्ष 1975 के आपातकाल की याद दिलाने वाला घटनाक्रम बताया।साथ ही वर्ष 1982 में तत्का लीन बिहार सरकार के प्रेस बिल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर पत्रकारों के साथ आंदोलन किया गया था।

पत्रकारों पर कार्रवाई का भी उठाया मुद्दा

भाजपा नेता ने झारखंड में पत्रकारों के खिलाफ कथित धमकी, हमले और मुकदमों का मुद्दा भी उठाया।उन्होंने बैजनाथ महतो, अनवर शरीफ, महादेव कुमार,अविनाश मंडल,आशीष कुमार, सुशांत कुमार,बसंत साहू,रूपेश कुमार सिंह,सोनू अंसारी,गुंजन कुमार, आशुतोष चतुर्वेदी,विजयकांत पाठक, राजीव झावर, अमन चोपड़ा तथा हजारीबाग प्रेस क्लब से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए मीडिया की स्वतंत्रता पर चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि सरकार को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ टकराव का रास्ता छोड़ना चाहिए। मीडिया का काम जनता के सामने सच और जनहित के मुद्दों को रखना है। यदि पत्रकार ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो लोकतंत्र में जवाबदेही कैसे सुनिश्चित होगी?

गिरफ्तारी नहीं हुई तो सड़क पर उतरेगी भाजपा

दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर किसी भी प्रकार के हमले को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने मामले में उचित कदम नहीं उठाए तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।प्रेसवार्ता में प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव एवं मीडिया सह-प्रभारी नीरज सिंह भी उपस्थित थे।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें