मोतिहारी के गहई पंचायत का मामला,सरपंच पर गंभीर आरोप; वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
Motihari:पूर्वी चंपारण जिले के ढाका प्रखंड अंतर्गत गहई पंचायत से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां ग्राम कचहरी के सरपंच पर एक नाबालिग लड़के को हाथ-पैर बांधकर कथित रूप से तालिबानी अंदाज में सजा देने का गंभीर आरोप लगा है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है।
वायरल वीडियो में दो लड़के जमीन पर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनके आसपास कुछ लोग मौजूद हैं। आरोप है कि ग्राम कचहरी के कथित फरमान पर एक नाबालिग के हाथ-पैर बांधकर उसे सजा दी गई। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
इस घटना ने ग्राम कचहरी की कार्यप्रणाली और उसके अधिकार क्षेत्र को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कानून के राज में किसी को भी अपने स्तर से सजा देने या किसी व्यक्ति को बंधक बनाकर रखने का अधिकार नहीं है। खासकर नाबालिग के साथ इस तरह का कथित व्यवहार बाल अधिकारों और कानूनी व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करता है।
इधर वायरल वीडियो को लेकर ढाका थाना प्रभारी राज रूप ने बताया कि वीडियो को देखकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किस अधिकार के तहत नाबालिग को हाथ-पैर बांधकर सजा देने का कथित फरमान सुनाया गया? पुलिस जांच में घटना की सच्चाई सामने आने और दोषियों पर कार्रवाई होने का इंतजार है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|MOTIHARI









