बोरियो तिनमुहानी के समीप आवा गमन प्रभावित,ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से की सड़क की सफाई कराने की मांग
Sahibganj:जिले के बोरियो तिनमुहानी के समीप सड़क पर फैली मिट्टी और कीचड़ इन दिनों राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।एलएनटी कंपनी द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के बाद निकाली गई मिट्टी सड़क के आसपास छोड़ दी गई है।पिछले दो दिनों से हुई बारिश के कारण यही मिट्टी बहकर सड़क पर फैल गई है,जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई है।स्थिति ऐसी है कि राहगीरों को संभलकर आवागमन करना पड़ रहा है,वहीं कई वाहन फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त भी हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार एलएनटी कंपनी द्वारा राजमहल से तीन पहाड़,वृंदावन होते हुए बोरियो तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया है।इस दौरान विभिन्न स्थानों पर खुदाई के बाद निकाली गई मिट्टी को सड़क के किनारे छोड़ दिया गया। बारिश होते ही मिट्टी बहकर सड़क पर जमा हो रही है,जिससे आवागमन बाधित हो रहा है।सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार गोविंदपुर से साहिबगंज जाने वाली यह सड़क काफी व्यस्त मार्ग है,इस रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है,इसके बावजूद सड़क पर जमा मिट्टी और कीचड़ की सफाई को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।उन्होंने एलएनटी कंपनी को अविलंब सड़क पर फैली मिट्टी और कीचड़ की सफाई कराने तथा पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क को पूर्व की स्थिति में बहाल करने का निर्देश देने की अपील की है, ताकि आम लोगों को आवागमन की परेशानी से राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BORIO








