दिहारी से मिर्जाचौकी आरा मिल ले जाई जा रही थी जलेबी लकड़ी, मंडरो रेंज की टीम ने हाजीपुर मोड़ के आगे की कार्रवाई
साहिबगंज:जिले में अवैध लकड़ी की कटाई एवं परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए मंडरो रेंज क्षेत्र में लकड़ी लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है,जानकारी के अनुसार दिहारी से मिर्जाचौकी स्थित एक आरा मिल की ओर जा रहे ट्रैक्टर को हाजीपुर मोड़ के आगे रोककर वन विभाग की टीम ने जांच की,जांच के दौरान ट्रैक्टर पर अवैध रूप से काटी गई जलेबी लकड़ी के बोटा लदे पाए गए।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने लकड़ी सहित स्वराज 735 FE ट्रैक्टर को जब्त कर वन प्रमंडल कार्यालय,साहिबगंज पहुंचाया।जब्त लकड़ी और वाहन के संबंध में विभाग की ओर से नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई का नेतृत्व मंडरो-मिर्जाचौकी क्षेत्र के उप वन परिसर पदाधिकारी अंकित कुमार झा ने किया।
इस संबंध में वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) प्रबल गर्ग ने कहा कि वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।वन विभाग की टीम लगातार ऐसे मामलों पर नजर रख रही है।अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि जंगलों की सुरक्षा में विभाग का सहयोग करें और कहीं भी अवैध कटाई या लकड़ी तस्करी की जानकारी मिलने पर वन विभाग को सूचित करें।
वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









