उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा– बाल विवाह मुक्त साहिबगंज बनाने में समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी, विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक
Sahibganj:बाल विवाह और नशे जैसी गंभीर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने जागरूकता की मुहिम तेज करने की पहल की है।जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सिद्धो-कान्हू सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई,उपायुक्त दीपक कुमार दूबे के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों,पंचायत प्रति निधियों,शिक्षकों,सामाजिक संगठनों,आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्यकर्मियों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास पर गंभीर असर डालता है। इसे समाप्त करने के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि साहिबगंज को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए जागरूकता का संदेश गांव-गांव, पंचायत-पंचायत और घर-घर तक पहुंचाना होगा।
उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह की संभावित घटनाओं को समय रहते रोकना सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों की जिम्मेदारी है। राज्य, जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारियों की व्यवस्था की गई है, ताकि ऐसी घटनाओं की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उपायुक्त ने ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नशा युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा
नशा मुक्त भारत अभियान पर जोर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक जागरूकता और सकारात्मक वातावरण तैयार करना जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों से अपने स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित करने की अपील की।
पंचायत स्तर पर निगरानी और कार्रवाई के निर्देश
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास ने बाल विवाह की रोकथाम में प्रखंड एवं पंचायत स्तर के अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अंचल अधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका और पंचायत सचिव अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें। संभावित बाल विवाह की जानकारी मिलते ही संबंधित पदाधिकारी सक्रिय होकर विवाह रोकने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने जोखिम वाले परिवारों की पहचान करने तथा समुदाय के बीच लगातार जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
नुक्कड़ नाटक से विद्यार्थियों ने दिया सामाजिक बदलाव का संदेश
कार्यशाला में जवाहर नवोदय विद्यालय साहिबगंज, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बोरियो और गंगिया दामिन उच्च विद्यालय पतना के छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह मुक्त भारत एवं नशा मुक्त भारत विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कम उम्र में विवाह से होने वाले नुकसान, बच्चों की शिक्षा एवं अधिकारों पर पड़ने वाले प्रभाव और नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक होने का संदेश दिया।
हस्ताक्षर अभियान के जरिए लिया गया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह एवं नशामुक्त भारत अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भाग लेकर बाल विवाह उन्मूलन तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
मौके पर बाल कल्याण समिति के सदस्य, कार्यक्रम सी-3 के मोहम्मद खालिद, चंदा कुमारी, मीना कुमारी, मंथन संस्था के अमन वर्मा एवं नाहिद प्रवीण, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के अनिल कुमार तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यशाला के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि बाल विवाह और नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही साहिबगंज को बाल विवाह मुक्त एवं नशामुक्त जिला बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









