मालतो और माल पहाड़िया भाषा को मिले संवैधानिक पहचान,दो प्रतिशत आरक्षण व महिला सम्मान योजना का लाभ देने की मांग;राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
Sahibganj:दामिन-ए-कोह की ऐतिहासिक धरती,जिसने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष और आदिवासी स्वाभिमान की गाथा को अपने इतिहास में संजोया है,आज भी आदिम जन जाति समुदाय के अधिकार,अस्तित्व और पहचान की लड़ाई की गवाह बन रही है,कभी इसी क्षेत्र की पहाड़ियों से बाबा तिलका मांझी उर्फ जाबरा पहाड़िया ने अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंका था।आज उसी ऐतिहासिक विरासत से जुड़े पहाड़िया समुदाय के लोग अपनी भाषा,संस्कृति,सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद कर रहे हैं।
इसी कड़ी में अखिल भारतीय आदिम जनजाति विकास समिति की ओर से साहिबगंज समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।समिति के महासचिव शिव चरण मालतो की अध्यक्षता में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में पहाड़िया समुदाय के महिला-पुरुष शामिल हुए।प्रदर्शन कारियों ने समुदाय की समस्याओं को सामने रखते हुए सरकार से 10 सूत्री मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।

धरना-प्रदर्शन में सबसे प्रमुख मांग मालतो एवं माल पहाड़िया भाषा को झारखंड की जनजातीय भाषाओं में उचित स्थान और मान्यता देने की रही।इसके अलावा आदिम जनजाति समुदाय के लिए दो प्रतिशत आरक्षण लागू करने तथा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये का लाभ सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
दामिन-ए-कोह की पहचान और मूलवासी पहाड़िया समुदाय का सवाल
दामिन-ए-कोह केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं,बल्कि पहाड़िया समुदाय के इतिहास,परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का महत्व पूर्ण हिस्सा है।राजमहल की पहाड़ियों में बसे इस समुदाय की अपनी भाषा,रहन-सहन,परंपराएं और सामाजिक व्यवस्था रही हैं,बाबा तिलका मांझी,जिन्हें जाबरा पहाड़िया के नाम से भी जाना जाता है,अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष के कारण इस क्षेत्र के इतिहास में विशेष स्थान रखते हैं।
ऐसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले समुदाय के सामने आज भाषा के संरक्षण,शिक्षा,रोजगार,स्वास्थ्य,आर्थिक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने जैसी चुनौतियां मौजूद हैं,समिति का मानना है कि जब तक आदिम जनजातियों की भाषा और संस्कृति को उचित पहचान नहीं मिलेगी, तब तक उनके समग्र विकास की परिकल्पना अधूरी रहेगी।
बेंजामिन मालतो ने उठाया ऐतिहासिक विरासत और अधिकारों का सवाल
साहिबगंज के लोकप्रिय पहाड़िया नेता सह चर्चित समाजसेवी बेंजामिन मालतो ने इस मुद्दे को आदिम जनजाति समुदाय के अस्तित्व,सम्मान और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल बताया।उन्होंने बताया कि दामिन-ए-कोह की पहचान और प्रथम स्वतंत्रता सेनानी बाबा तिलका मांझी उर्फ जाबरा पहाड़िया के संघर्ष को केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए।जिस समुदाय ने अपनी जल, जंगल, जमीन और संस्कृति की रक्षा के लिए पीढ़ियों तक संघर्ष किया, उसकी भाषा,परंपरा और अधिकारों का संरक्षण भी सरकार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आदिम जनजाति समुदाय के विकास के लिए शिक्षा,स्वास्थ्य,रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।सरकारी योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहकर वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचना चाहिए।मालतो और माल पहाड़िया भाषा को उचित पहचान दिलाने की दिशा में भी ठोस पहल होनी चाहिए।
शिवचरण मालतो बोले- मांगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं
हिल एसेम्बली पहाड़िया महासभा समिति के महासचिव सह संस्थापक शिव चरण मालतो ने प्रस्तावित बयान में कहा कि आदिम जनजाति समुदाय अपनी अलग भाषा,संस्कृति और ऐतिहासिक पहचान रखता है,लेकिन आज भी कई बुनियादी अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।मालतो एवं माल पहाड़िया भाषा को जनजातीय भाषाओं में शामिल करने,दो प्रतिशत आरक्षण लागू करने और महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना का लाभ दिलाने जैसी मांगें समुदाय के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि समिति शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचा रही है।सरकार को आदिम जनजाति समुदाय की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।यदि समस्याओं का समा धान नहीं होता है तो समिति अपने अधिकारों के लिए आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा 10 सूत्री मांग पत्र
धरना-प्रदर्शन के समापन के बाद समिति के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित 10 सूत्री मांग पत्र उपायुक्त को सौंपा।प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर संबंधित स्तर पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में समिति के उपाध्यक्ष बैजनाथ पहाड़िया,संयुक्त सचिव डेविड मालतो सहित पहाड़िया समुदाय के बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मौजूद रहे।
इतिहास की विरासत से वर्तमान के अधिकारों तक
दामिन-ए-कोह की पहाड़ियों ने संघर्ष,स्वाभिमान और बलिदान की अनेक कहानियां देखी हैं।बाबा तिलका मांझी उर्फ जाबरा पहाड़िया का संघर्ष आज भी इस क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणा का प्रतीक है। ऐसे में आदिम जनजाति समुदाय की भाषा, संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक अधिकारों से जुड़ी मांगें केवल एक संगठन का आंदोलन नहीं, बल्कि ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारने का सवाल भी हैं। अब देखना होगा कि सरकार इन मांगों पर कितनी गंभीरता से पहल करती है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









