Sahibganj:पैसेंजर ट्रेन से 60 लीटर अवैध देशी शराब बरामद,एक तस्कर गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीआईबी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई,16 वर्षीय नाबालिग भी निरुद्ध;शराब की अनुमानित कीमत 13 हजार रुपये

Sahibganj:जिले में रेलवे के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ सीआईबी/मालदा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरहरवा–साहिबगंज पैसेंजर ट्रेन से 60 लीटर देशी शराब बरामद की है। इस मामले में एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक 16 वर्षीय नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार 27 नवंबर को गुप्त सूचना के आधार पर सीआईबी/मालदा की टीम ने ट्रेन संख्या 53411 (बरहरवा– साहिबगंज पैसेंजर) में विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान करीब 14:40 बजे करनपुरातो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर टीम की नजर तीन संदिग्ध व्यक्तियों पर पड़ी, जो प्लास्टिक के थैलों और बोरों के साथ ट्रेन के सामान्य कोच में सवार हो रहे थे। संदेह होने पर टीम ने उनका पीछा कर सामान की जांच की। इस दौरान झारखंड में बिक्री के लिए निर्धारित रॉयल झारखंड डिलक्स देशी शराब के कार्टन बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति शराब के परिवहन और कब्जे से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। उनकी पहचान बिहार के भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत लैलाख गांव निवासी आशीष कुमार (23 वर्ष), पिता चंदन कुमार मंडल तथा सौरभ कुमार (16 वर्ष), पिता राम तहल मंडल के रूप में हुई।

इसके बाद करीब 15:16 बजे ट्रेन के साहिबगंज रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ पोस्ट साहिबगंज के अधिकारियों और जवानों के सहयोग से दोनों को शराब समेत ट्रेन से उतारा गया। सीआईबी/मालदा के एसआई एन.के. सिंह ने गवाहों की मौजूदगी में प्लेटफॉर्म संख्या दो पर रेल आहार स्टॉल के समीप जब्ती सूची तैयार की। जांच में कुल आठ कार्टन में रखी 300 एमएल की 200 बोतल शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 60 लीटर आंकी गई। शराब को छह प्लास्टिक के थैलों में रखा गया था।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आशीष कुमार को शाम 16:35 बजे गिरफ्तार किया गया, जबकि नाबालिग सौरभ कुमार को 16:40 बजे संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत निरुद्ध किया गया। दोनों के परिजनों को भी फोन के माध्यम से सूचना दी गई।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि शराब को अवैध बिक्री और आर्थिक लाभ के उद्देश्य से बिहार ले जाया जा रहा था। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई के लिए गिरफ्तार युवक, निरुद्ध नाबालिग और जब्त शराब को आरपीएफ पोस्ट साहिबगंज के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BARHARWA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें