जिलेबिया घाटी के गंगा द्वार पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 28 वाहनों से वसूला गया ₹72,500 जुर्माना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सघन वाहन जांच अभियान से वाहन चालकों में मचा हड़कंप, यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

साहिबगंज (Sahibganj) जिले में सड़क पर नियमों की अनदेखी अब वाहन चालकों को महंगी पड़ सकती है। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से बुधवार को साहिबगंज जिले के जिलेबिया घाटी स्थित गंगा द्वार पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न प्रकार के वाहनों की जांच की गई। मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने के मामले में कुल 28 वाहनों का चालान काटा गया और उनसे 72,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, सुरक्षा का दिया संदेश

अभियान के दौरान वाहनों के आवश्यक कागजात और यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।

पंपलेट बांटकर किया गया जागरूक

वाहन जांच के साथ-साथ चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन परिचालन करने की अपील की गई। इस दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित कर आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

इस अभियान में मोटरयान निरीक्षक कुमार उत्कर्ष, अभिषेक मुंडा, माइनिंग इंस्पेक्टर राजेश कुमार, थाना प्रभारी शशि कुमार सिंह, बोरियो थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पराशर, आईटी सहायक राजहंस सहित पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।

प्रशासन का उद्देश्य जांच और जागरूकता के माध्यम से सड़क पर अनुशासन कायम करना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। वाहन चालकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित सफर को अपनी प्राथमिकता बनाएं।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें