JAMTARA NEWS|जिले के फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत तुम्बाबेल मौजा स्थित अजय नदी घाट क्षेत्र में कथित अवैध बालू खनन एवं परिवहन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्य कर्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि नदी घाट से बड़े पैमाने पर दिनदहाड़े बालू का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व की क्षति पहुंच रही है तथा पर्यावरणीय संतुलन और नदी तंत्र पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन की शिकायतें लगातार किए जाने के बावजूद स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है।ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक स्तर पर समय- समय पर कार्रवाई की बातें तो होती हैं, लेकिन कथित रूप से इस कारोबार से जुड़े प्रभाव शाली लोगों के खिलाफ अपेक्षित सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।इससे लोगों में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन,खनन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि तुम्बा बेल मौजा स्थित अजय नदी घाट की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए,साथ ही अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।ग्रामीणों ने नदी क्षेत्र में नियमित निगरानी,संयुक्त छापेमारी अभियान, सीसीटीवी अथवा अन्य तकनीकी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की है।उनका कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है तथा अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है।




