पाकुड़ में 13 वर्षीय बालक की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, नदी किनारे मिला शव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

*करमा पूजा के दौरान लापता 13 वर्षीय बालक की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार*

 

पाकुड़। हिरणपुर थाना क्षेत्र के नयाग्राम में करमा पूजा के दौरान लापता हुए 13 वर्षीय बालक दीनानाथ सिंह की हत्या का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में नयाग्राम निवासी करीब 40 वर्षीय मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है।

 

जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर को करमा पूजा के दौरान दीनानाथ सिंह के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को घरेलू और जमीन विवाद से जुड़ी जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते बालक की हत्या कर उसके शव को नदी में फेंक दिया गया था।

 

पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए आरोपी मनोज कुमार को हिरणपुर बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हरे रंग का बजाज मैक्सीमा टेम्पू, जिसका नंबर JH17AE0680 है, और एक लोहे का जैक जब्त किया गया है।

 

वहीं, पुलिस ने लापता बालक का शव पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के देवपुर और मंगलापाड़ा के बीच नदी किनारे से बरामद किया है। शव को आगे की जांच और परीक्षण के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ भेज दिया गया है।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला है और वर्तमान में नयाग्राम में रह रहा था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

रिपोर्ट : हरिश चन्द्र साहा

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें