साहिबगंज में स्कूलों में ही बनेगा आधार कार्ड,विद्यार्थियों को मिलेगी राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

31 दिसंबर तक चलेगा विशेष आधार शिविर,नाम-जन्मतिथि की त्रुटियों में सुधार और नए पंजीकरण की सुविधा

साहिबगंज (Sahibganj) जिले अब आधार कार्ड में त्रुटियों के सुधार के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को आधार केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिले के विभिन्न विद्यालयों में विशेष आधार शिविर लगाकर छात्र-छात्राओं को आधार से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह अभियान 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।

जिला जनसंपर्क कार्यालय, साहिबगंज की ओर से 29 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर ही आधार सेवाएं उपलब्ध कराने और आधार कार्ड से जुड़ी त्रुटियों का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इसी क्रम में गुरुवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए गए।

इनमें होली फैमिली स्कूल बरहरवा, पीएम श्री कस्तूरबा गांधी कन्या बालिका विद्यालय बोरियो, आदिवासी हाई स्कूल मंगरुटिकर, मध्य विद्यालय बच्चा, पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पतना, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय नया टोला बिशनपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय डकैत टोला, उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय कोदर्जन्ना और उत्क्रमित मध्य विद्यालय भानु टोला सहित अन्य विद्यालय शामिल रहे।

नाम, जन्मतिथि की त्रुटियों में होगा सुधार

आधार शिविरों में विद्यार्थियों के आधार कार्ड में दर्ज नाम, जन्मतिथि, पता और अन्य आवश्यक विवरणों से संबंधित त्रुटियों के सुधार की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा पात्र छात्र-छात्राओं के नए आधार पंजीकरण की प्रक्रिया भी की जा रही है। विद्यालय परिसर में ही यह सुविधा मिलने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को समय और परेशानी से राहत मिल रही है।

परियोजना पदाधिकारी, यूआईडी संदीप कुमार ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों में आधार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य आधार संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना और विद्यार्थियों को जरूरी सेवाएं सरल एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराना है।

उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि के अनुसार अपने संबंधित विद्यालय में आयोजित आधार शिविर का लाभ उठाएं। आधार कार्ड में किसी प्रकार की त्रुटि या कोई प्रक्रिया लंबित होने पर आवश्यक सुधार एवं पंजीकरण के लिए शिविर में संपर्क करें।

31 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान से जिले के विद्यार्थियों को आधार संबंधी सेवाएं अपने विद्यालय में ही उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सुविधा मिल रही है।

REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें