महादेवगंज के डीबीएल पुल मोड़ पर पुलिस की कार्रवाई,दो मोबाइल भी जब्त;एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
साहिबगंज (Sahibganj) जिले में अपराध पर लगाम लगाने को पुलिस की मुस्तैदी,रात के अंधेरे में भी जारी रही निगरानी। साहिबगंज मुफस्सिल थाना पुलिस ने विशेष रात्रि गश्ती के दौरान महादेवगंज स्थित डीबीएल पुल मोड़ के पास देशी कट्टे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार,28 अक्टूबर की रात करीब 11:20 बजे पुलिस की गश्ती टीम डीबीएल पुल मोड़ के पास निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पैदल जा रहे दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो दोनों भागने लगे। इसके बाद गश्ती दल के जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवकों की पहचान प्रकाश कुमार और कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। दोनों महादेवगंज के पीर बाबा गोढ़ी टोला के निवासी बताए गए हैं।तलाशी के दौरान कृष्णा कुमार के पास से एक देशी कट्टा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया,जब कि प्रकाश कुमार के पास से एक मोबाइल फोन मिला। हथियार से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने देशी कट्टा और दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए।
पुलिस की इस कार्रवाई को रात्रि गश्ती के दौरान मिली एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।आखिर पुलिस को दोनों युवकों के बारे में क्या जानकारी मिली और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जा रही है? सुनिए, एसडीपीओ सुशील कुमार ने क्या कहा।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









