20 साल की सेवा पर भेंडरों की नजर? रसोईया और संयोजिकाओं ने खोला मोर्चा,विधायक प्रतिनिधि से लगाई न्याय की गुहार!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पीएम पोषण योजना के तहत मध्यान्ह भोजन सामग्री आपूर्ति को लेकर विवाद,प्रीतम कुमार चौरसिया ट्रेडर्स को प्राधिकृत करने के सहमति पत्र पर उठाए सवाल

साहिबगंज (Sahibganj) सरकारी विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन तैयार करने और वर्षों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाली संयोजिका एवं रसोईया दीदियों की नाराजगी अब सामने आने लगी है। साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड में मध्यान्ह भोजन सामग्री की आपूर्ति को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। भेंडरों के माध्यम से सामग्री आपूर्ति किए जाने के विरोध में कई संयोजिका एवं रसोईया दीदियां राजमहल विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू के समक्ष पहुंचीं और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

इस दौरान महिलाओं ने बताया कि उन्हें विद्यालय की ओर से एक पत्र दिया गया है, जिसमें पीएम पोषण योजना के अंतर्गत मध्यान्ह भोजन सामग्री की आपूर्ति के लिए प्रीतम कुमार चौरसिया ट्रेडर्स को प्राधिकृत करने के संबंध में सहमति पत्र लिखा हुआ है। इस पत्र को लेकर संयोजिका एवं रसोईया दीदियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि वे पिछले करीब 20 वर्षों से सरस्वती वाहिनी माता समिति के अंतर्गत चयनित होकर विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन सामग्री की आपूर्ति और बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाती आ रही हैं।

महिलाओं ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि इतने वर्षों तक पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इसके बावजूद आज उनकी भूमिका और आजीविका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से एक अंडे की कीमत छह रुपये निर्धारित की गई है, जबकि बाजार में उन्हें आठ से नौ रुपये में अंडा खरीदना पड़ता है। इसके बावजूद वे किसी तरह अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए बच्चों को अंडा उपलब्ध कराती रही हैं।

संयोजिका एवं रसोईया दीदियों ने यह भी कहा कि वर्षों से सेवा देने के बावजूद उन्हें सरकार की ओर से किसी प्रकार का मानदेय नहीं मिला है। परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए लगातार चुनौती बना हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वर्षों तक विद्यालयों में सेवा देने वाली महिलाओं के परिवार और उनके बच्चों के भविष्य के बारे में कौन सोचेगा?

अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर सभी महिलाओं ने विधायक के नाम विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू को लिखित आवेदन सौंपा और मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की।

इस दौरान संगीता देवी, चांदनी देवी, लीलावती देवी, मुन्नी देवी, अरुणा देवी, रेखा देवी, सवाना खातून, अनीता देवी, निर्मला देवी, हेमंती देवी सहित अन्य संयोजिका एवं रसोईया दीदियां उपस्थित रहीं।

अब देखना होगा कि इस मामले में विधायक प्रतिनिधि और संबंधित विभाग की ओर से क्या पहल की जाती है तथा वर्षों से विद्यालयों में सेवा दे रही इन महिलाओं की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।

REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें