घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, टांगी से वार कर पत्नी की हत्या,पति ने भी चाकू से खुद को किया घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जामताड़ा (Jamtara) जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के नौहथिया गांव में गुरुवार रात करीब नौ बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।घरेलू विवाद के बाद मनोज रजवार ने कथित तौर पर टांगी से वार कर अपनी पत्नी बसंती देवी की हत्या कर दी। पत्नी की हत्या के बाद उसने चाकू से अपने गले पर वार कर खुद को भी घायल कर लिया।घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

परिजनों के अनुसार, मनोज रजवार और उसकी पत्नी बसंती देवी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पत्नी द्वारा घर की बातें अपने मायके में बताने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। गुरुवार की रात विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।

आरोप है कि मनोज ने पहले अपनी पत्नी को करंट लगाया और फिर टांगी से उसके सिर तथा पेट पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण बसंती देवी की मौत हो गई। इसके बाद मनोज ने चाकू से अपने गले पर वार कर खुद को भी घायल कर लिया।

बताया जाता है कि दंपती की नौ बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक ओर मां की मौत से बेटियों का सहारा छिन गया,वहीं दूसरी ओर पिता अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, घायल मनोज रजवार को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घरेलू विवाद के पीछे की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|JAMTARA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें