पारसनाथ की पहाड़ियों में नक्सलियों की साजिश नाकाम? सुरक्षा बलों का बड़ा सर्च ऑपरेशन,494 जिलेटिन और 16 डेटोनेटर बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गिरिडीह (Giridih) झारखंड के गिरिडीह जिले में पारसनाथ की पहाड़ियों पर सुरक्षा बलों ने नक्सली गतिविधियों के खिलाफ बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। CRPF, जैप और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने जोकाई नाला और सतकटिया के घने जंगलों एवं पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और संचार उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान में 494 जिलेटिन, 16 कमर्शियल डेटोनेटर और करीब 1800 मीटर कॉर्डेक्स वायर शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार,28 अक्टूबर 2026 की रात गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और CRPF की 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को गुप्त सूचना मिली थी कि पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र के चतरो गांव के अंतर्गत जोकाई नाला तथा सतकटिया के जंगलों में नक्सलियों ने विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान छिपाकर रखा है।

सूचना मिलते ही पुलिस और CRPF के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन की रणनीति तैयार की। इसके बाद CRPF की 154वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट भट्टाचार्य उपाध्याय भास्कर और खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में CRPF, जैप और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम गठित की गई।

सुबह से दोपहर तक चला सघन तलाशी अभियान

29 अक्टूबर की सुबह से सुरक्षा बलों ने पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र के कानीडीह, चतरो, जोकाई नाला और सतकटिया के जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में संदिग्ध ठिकानों की बारीकी से तलाशी ली। इसी दौरान छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और संचार उपकरण बरामद किए गए।

494 जिलेटिन और 16 डेटोनेटर समेत कई सामान बरामद

सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को 494 जिलेटिन पीस, 16 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कमर्शियल डेटोनेटर और कॉर्डेक्स वायर के 9 बंडल मिले। प्रत्येक बंडल में करीब 200 मीटर तार होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा दो क्षतिग्रस्त वायरलेस सेट, जिनमें एक मोटोरोला और दूसरा TALKABOUT कंपनी का है, एक क्षतिग्रस्त स्पीकर तथा काले रंग की राइफल की सीलिंग के दो पीस भी बरामद किए गए।

भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन सामग्रियों को किसी बड़ी विध्वंसक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया हो सकता है। हालांकि, इसके वास्तविक उद्देश्य और संभावित इस्तेमाल को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

संयुक्त अभियान में शामिल रहे कई अधिकारी और जवान

इस अभियान में CRPF की 154वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट भट्टाचार्य उपाध्याय भास्कर, इंस्पेक्टर निमाईचंद महतो, खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह, हरलाडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक नीलमचंद्र एक्का सहित CRPF, जैप और जिला पुलिस बल के जवान शामिल रहे।

फिलहाल सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को पारसनाथ के पहाड़ी और जंगली इलाकों में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। बरामद विस्फोटक सामग्री को लेकर पुलिस आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|GIRIDIH

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें