खास ख़बर गोड्डा:परसिया गांव में पेयजल संकट गहराया,नदी का दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण; पांच साल से खराब पड़ी पानी की टंकी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बोआरीजोर प्रखंड कार्यालय से महज साढ़े तीन किलोमीटर दूर है गांव,राजद नेता दीनबंधु मंडल ने ग्रामीणों की समस्या पर उठाए सवाल,उपायुक्त से की अविलंब समाधान की मांग

गोड्डा (Godda) जिले के बोआरीजोर प्रखंड अंतर्गत बड़ा बोआरीजोर पंचायत के परसिया गांव में पेयजल संकट ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात ऐसे हैं कि आज भी गांव के लोग स्वच्छ पेयजल के लिए तरस रहे हैं और मजबूरी में नदी का पानी पीकर अपनी प्यास बुझाने को विवश हैं। सरकार की ओर से हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के दावे के बीच इस गांव की तस्वीर जमीनी हकीकत पर कई सवाल खड़े कर रही है।

इस गंभीर समस्या का खुलासा तब हुआ, जब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष दीनबंधु मंडल ने परसिया गांव का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें लिखित आवेदन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगभग 18 परिवार निवास करते हैं, लेकिन पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। गांव में पानी की टंकी पिछले करीब पांच वर्षों से खराब पड़ी हुई है। इसके कारण लोगों को पीने के पानी के लिए नदी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि नदी का पानी पीने से बच्चों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ग्रामीणों की पीड़ा सुनने के बाद दीनबंधु मंडल ने स्थानीय पंचायत के मुखिया, राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक व्यवस्था में बैठे जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब प्रखंड कार्यालय से महज साढ़े तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव के लोग वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे हैं, तो आखिर अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने इस समस्या का समाधान क्यों नहीं कराया? पांच वर्षों से पानी की टंकी खराब पड़ी है, लेकिन इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। आखिर ग्रामीण अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए कब तक इंतजार करेंगे!

उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल कोई एहसान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का बुनियादी अधिकार है। ग्रामीणों को नदी का पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ना व्यवस्था की जमीनी स्थिति को दर्शाता है।

दीनबंधु मंडल ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या को जिला प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने गोड्डा के उपायुक्त से अविलंब हस्तक्षेप करते हुए खराब पड़ी पानी की टंकी की मरम्मत कराने और गांव में स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय पर ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो इस जनहित के मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रखंड कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।

अब सवाल यह है कि पांच वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे परसिया गांव के ग्रामीणों को आखिर कब राहत मिलेगी? क्या जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेकर ग्रामीणों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराएगा, या फिर ग्रामीणों को अपनी बुनियादी जरूरत के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|GODDA,JHARKHAND

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें