“सड़क पर उड़ती धूल में खो गई हिरण पुर की रौनक,जनता बेहाल,सिस्टम बेखबर..अब तो सुनो सरकार!”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जर्जर सड़क से उड़ रही धूल ने छीना बाजार का सुकून,दुकान दारों से लेकर राहगीरों तक की बढ़ी परेशानी;सैकड़ों ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर प्रशासन से लगाई गुहार

पाकुड़ (Pakur) जिले में सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की पहचान होती हैं,लेकिन जब यही सड़कें लोगों के लिए परेशानी का कारण बन जाएं तो आम जनजीवन प्रभावित होना लाजिमी है। कुछ ऐसी ही स्थिति इन दिनों पाकुड़ जिले के हिरणपुर मुख्य बाजार की बनी हुई है। यहां जर्जर सड़क से दिनभर उड़ने वाले धूलकण ने स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क से उठता धूल का गुबार अब लोगों के लिए परेशानी ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और कारोबार से जुड़ी गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। लंबे समय से समस्या झेल रहे ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सामने आ गया। सड़क की मरम्मत और धूलकण से निजात दिलाने की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष अपनी आवाज बुलंद की।

समाजसेवी चंदन भगत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हिरणपुर मुख्य बाजार की बदहाल सड़क की स्थिति से प्रशासन को अवगत कराते हुए पांच सूत्री मांगें रखी गईं। इस दौरान राणा दे, विकास दास समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

वाहनों की आवाजाही से उठता है धूल का गुबार

ग्रामीणों का कहना है कि हिरणपुर मुख्य बाजार की सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर छोटे-बड़े वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण धूल उड़ती रहती है। स्थिति ऐसी है कि बाजार से गुजरने वाले लोगों को कई बार धूल के बीच से होकर आवागमन करना पड़ता है। दुकानदारों की परेशानी भी कम नहीं है। दुकानों में रखे सामानों पर लगातार धूल जमने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं स्थानीय निवासियों को भी दिनभर धूल के संपर्क में रहने के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की आशंका बनी रहती है।

सड़क की मरम्मत और नियमित पानी छिड़काव की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मुख्य बाजार की सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने, धूलकण पर नियंत्रण के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं होती, तब तक धूल से बचाव के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यह समस्या केवल सड़क पर चलने वाले लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि बाजार के व्यापार, दुकानदारों की रोजी-रोटी और आम नागरिकों के स्वास्थ्य से भी जुड़ी हुई है।

डीसी मेघा भारद्वाज ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

ग्रामीणों की शिकायत और मांगों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया। उपायुक्त के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से चली आ रही इस परेशानी से उन्हें जल्द राहत मिल सकती है।

अब आश्वासन नहीं, धरातल पर समाधान का इंतजार

हिरणपुर मुख्य बाजार के लोगों की मांग अब प्रशासन के सामने है।ग्रामीणों का कहना है कि बाजार की सड़क की बदहाली और धूलकण की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। सवाल यह है कि आखिर कब तक बाजारवासी धूल के गुबार के बीच अपनी जिंदगी और कारोबार चलाने को मजबूर रहेंगे? क्या संबंधित विभाग जल्द सड़क की मरम्मत कराकर लोगों को राहत दिला पाएगा या फिर ग्रामीणों को एक बार फिर इंतजार करना पड़ेगा? फिलहाल बाजारवासियों की निगाहें जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

REPORTER|HARISHCHANDRA SAHA|PAKUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें