बंद क्रेशर प्लांट में 10 से अधिक नकाबपोश बदमाशों का धावा,गार्ड को बंधक बनाकर मोटर समेत कई सामानों की चोरी
पाकुड़,Pakar:जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। हिरणपुर थाना क्षेत्र के महारों स्थित एक बंद क्रेशर प्लांट में 10 से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने प्लांट में तैनात नाइट गार्ड को बंधक बना लिया और इसके बाद बेखौफ होकर वहां रखे मोटर समेत कई कीमती सामानों की चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, बंद पड़े क्रेशर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, महारों स्थित क्रेशर प्लांट लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है। इसके बावजूद प्लांट की देखरेख के लिए वहां नाइट गार्ड की तैनाती की गई थी। इसी दौरान 10 से अधिक की संख्या में नकाबपोश बदमाश प्लांट परिसर में दाखिल हुए। अचानक इतने लोगों को सामने देखकर गार्ड कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बदमाशों ने उसे अपने कब्जे में लेकर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने प्लांट परिसर में लगे मोटर सहित अन्य सामानों को निशाना बनाया और चोरी कर मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान बदमाशों की संख्या अधिक होने के कारण नाइट गार्ड उनका विरोध नहीं कर सका। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से निकल गए। घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि आखिर बंद पड़े क्रेशर प्लांट में इतनी बड़ी संख्या में बदमाशों ने किस तरह वारदात को अंजाम दिया और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद चोरी की घटना कैसे हो गई।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ कुमार गौरव, हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने क्रेशर प्लांट का निरीक्षण किया और घटनास्थल से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई। साथ ही नाइट गार्ड से भी पूछताछ कर पूरी घटना का ब्योरा लिया गया।
पुलिस अब बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है। इसके लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वारदात में शामिल लोगों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बदमाश किस रास्ते से प्लांट तक पहुंचे और चोरी के सामान को लेकर किस दिशा में फरार हुए।
इस घटना ने एक बार फिर बंद पड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों और क्रेशर प्लांटों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात में शामिल बदमाशों तक कब तक पहुंच पाती है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|PAKUR









