दुःखद खबर:बरहरवा के केचुआ पुल के पास ट्रक की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत,परिवार में मचा कोहराम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एक पल की दुर्घटना ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी।जिस बेटे के कंधों पर भविष्य की उम्मीदें थीं, आज उसी की अर्थी ने परिवार को गम के सागर में डुबो दिया।

साहिबगंज,Sahibganj:जिले के बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर केचुआ पुल के समीप बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बरहरवा थाना क्षेत्र के बेलडंगा गांव निवासी जीवन रमणी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार जीवन रमणी बरहरवा बाजार से खरीदारी करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान केचुआ पुल के समीप उसकी बाइक की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतक के घर में मातम पसर गया। युवक की असमय मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

महज 22 वर्ष की उम्र में जीवन रमणी की मौत ने परिवार की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया। जिस उम्र में युवक के कंधों पर परिवार के सपनों और भविष्य की जिम्मेदारियां आने वाली थीं, उसी उम्र में सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। इस घटना से बेलडंगा गांव में शोक का माहौल है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BARHARWA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें