SKMU के दीक्षांत समारोह में बंटेंगे 53 गोल्ड मेडल,विद्यार्थियों को सीमित रखने पर छात्र संगठनों ने उठाए सवाल
दुमका,Dumka:सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (SKMU) के दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस समारोह में कुल 53 गोल्ड मेडल और प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार पहली बार एमबीबीएस के विद्यार्थी को भी गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। हालांकि, समारोह में सभी विद्यार्थियों को शामिल नहीं किए जाने के फैसले को लेकर छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के रवैये पर सवाल खड़े किए हैं। छात्रों का कहना है कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण अवसर होता है, लेकिन विश्वविद्यालय इसे सीमित दायरे में आयोजित कर रहा है।
53 विद्यार्थियों को मिलेगा गोल्ड मेडल
दीक्षांत समारोह की तैयारियों और पुरस्कार वितरण की जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. कुनुल कंदिर ने बताया कि इस बार पीजी के 23 और पीएचडी के 15 गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा एमबीबीएस में एक, वोकेशनल मास्टर कोर्स में पांच तथा वोकेशनल बैचलर कोर्स में नौ गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। इस प्रकार कुल 53 गोल्ड मेडल और प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गोल्ड मेडल संबंधित विषयों के टॉपर विद्यार्थियों को ही प्रदान किया जाएगा। जूलॉजी विषय में दो विद्यार्थी टॉपर होने के कारण दोनों को सम्मानित किया जाएगा।
भारतीय परंपरा और संस्कृति की दिखेगी झलक
समारोह में भारतीय परंपरा और संस्कृति को विशेष महत्व दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शिक्षकों और अतिथियों के लिए पारंपरिक परिधान निर्धारित किए गए हैं। पुरुष शिक्षकों एवं अतिथियों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ नेवी ब्लू रंग की बंडी और साफा पहनना निर्धारित किया गया है। वहीं महिला शिक्षकों के लिए सफेद सलवार-कुर्ता के साथ लाल दुपट्टा तथा साड़ी पहनने वाली महिलाओं के लिए लाल बॉर्डर वाली साड़ी की व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार राज्यपाल सुबह 11 बजे समारोह में पहुंचेंगे और इसी समय कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
4,995 विद्यार्थियों में से सीमित छात्रों को ही मिलेगा मुख्य समारोह में स्थान
दूसरी ओर, समारोह में सभी विद्यार्थियों को शामिल नहीं किए जाने को लेकर छात्र संगठनों में नाराजगी है। छात्र नेता श्यामदेव हेम्ब्रम ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर मनमाने तरीके से दीक्षांत समारोह आयोजित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय के अनुसार इस सत्र में कुल 4,995 विद्यार्थी हैं, लेकिन मुख्य समारोह में इनमें से केवल सीमित संख्या में विद्यार्थियों को ही डिग्री प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों का उत्सव है। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन में सभी विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। जब विद्यार्थियों से दीक्षांत समारोह के नाम पर शुल्क लिया जाता है, तो उन्हें समारोह में शामिल होने और सम्मान प्राप्त करने का अवसर भी मिलना चाहिए।
छात्र संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
श्यामदेव हेम्ब्रम ने मांग की कि दीक्षांत समारोह को सार्वजनिक और अधिक व्यापक बनाया जाए, ताकि सभी विद्यार्थियों को सम्मानित होने का अवसर मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन पारदर्शिता नहीं बरतता है और विद्यार्थियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लेता है, तो छात्र संगठन विरोध करने के लिए स्वतंत्र होंगे।
कॉलेजों में अलग से आयोजित होगा सम्मान समारोह
वहीं, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. कुनुल कंदिर ने बताया कि विरोध कर रहे छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी मांगों पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि समय की कमी के कारण मुख्य दीक्षांत समारोह में सभी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देना संभव नहीं है। इसलिए विद्यार्थियों के प्रमाणपत्र संबंधित कॉलेजों में भेजे जाएंगे, जहां अलग से कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से समारोह को सफल बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब देखना होगा कि 53 गोल्ड मेडल के साथ आयोजित होने वाला यह दीक्षांत समारोह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होता है या विद्यार्थियों की नाराजगी समारोह के दौरान भी देखने को मिलती है।
REPORTEE|SUSHANTO SOREN|DUMKA









