बड़ी खबर:बोकारो में कोयले का पहाड़ बना मौत का ढेर!कथारा कोलियरी में भीषण हादसा,तीन महिलाओं की मौत,कई घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्टॉकयार्ड में अचानक धंसा कोयले का ढेर,जलावन के लिए कोयला निकाल रहे 7 लोग दबे; मृतकों में कौशल्या देवी और पुष्पा देवी की पहचान

बोकारो,Bokaro:बोकारो जिले से गुरुवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बेरमो अनुमंडल के कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे अचानक कोयले का विशाल ढेर धंस गया। इस हादसे में छह महिलाओं और एक पुरुष समेत कुल सात लोग कोयले के मलबे की चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन महिलाओं की मौत की सूचना है, जबकि अन्य घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

जलावन के लिए कोयला निकालने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीण जलावन के लिए कथारा कोलियरी के स्टॉकयार्ड से रिजेक्ट कोयला निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर जमा कोयले का भारी ढेर भरभराकर नीचे धंस गया। देखते ही देखते वहां मौजूद लोग कोयले के मलबे में दब गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दबे हुए लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।

तीन महिलाओं की मौत की सूचना, दो की हुई पहचान

हादसे में घायल सभी सात लोगों को इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन महिलाओं की मौत की सूचना मिली है। मृतकों में कौशल्या देवी और पुष्पा देवी की पहचान हुई है, जबकि तीसरी महिला की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली थीं।

पुलिस और सीसीएल प्रबंधन मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीसीएल प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बेरमो एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने भी हादसे की जानकारी दी है। प्रारंभिक जानकारी में मामला अवैध खनन से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी को लेकर विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर कोयला क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अवैध रूप से कोयला निकालने के दौरान होने वाले खतरों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घायलों की स्थिति, मृतकों की पूरी पहचान और हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

REPORTER|GOVIND THAKUR|BOKARO

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें