मासधारी में खटिया बनी एंबुलेंस तो भड़के बेंजामिन मालतो,स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर बोला तीखा हमला
पाकुड़,Pakur:झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था और ग्रामीण विकास के दावों के बीच पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड स्थित मासधारी गांव की एक दर्दनाक तस्वीर ने व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। गांव तक सड़क नहीं होने के कारण प्रसव पीड़ा से परेशान 25 वर्षीय गर्भवती महिला को परिजनों और ग्रामीणों ने खटिया पर लादकर करीब चार किलोमीटर तक कंधों पर ढोया। इसके बाद उसे मुख्य सड़क तक पहुंचाकर अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गयी। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को उजागर कर दिया है।
इस मामले को लेकर संताल परगना के चर्चित समाजसेवी बेंजामिन मालतो ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मासधारी गांव की घटना को स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल बताते हुए मंत्री और सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किये।
खटिया पर मरीज, विकास के दावे कहां?
जानकारी के अनुसार,बुधवार को मासधारी गांव निवासी पीरका पहाड़िया की 25 वर्षीय गर्भवती पत्नी बागी पहाड़िन को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गयी। परिजनों ने महिला को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस वहां नहीं पहुंच सकी। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों ने खटिया को ही एंबुलेंस बनाया और महिला को उस पर लिटाकर करीब चार किलोमीटर तक कंधों पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गयी।
ग्राम प्रधान बैदा पहाड़िया के अनुसार, गांव से मुख्य सड़क की दूरी लगभग चार किलोमीटर है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को हर दिन परेशानी झेलनी पड़ती है। विशेषकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।

स्वास्थ्य मंत्री पर बेंजामिन मालतो का तीखा हमला
इस घटना को लेकर समाजसेवी बेंजामिन मालतो ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को निशाने पर लेते हुए राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति पर ध्यान देने की जरूरत है। जब किसी गर्भवती महिला को प्रसव के दौरान चार किलोमीटर तक खटिया पर ढोकर अस्पताल पहुंचाना पड़े,तो सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं और ग्रामीण विकास के दावों की वास्तविकता समझी जा सकती है।
उन्होंने इस घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। जरूरत इस बात की है कि केवल योजनाओं और घोषणाओं तक विकास सीमित न रहे, बल्कि उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
प्रशासन से सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सुविधा की मांग
मासधारी गांव की घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव तक सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल करेगा। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।
अब देखना होगा कि मासधारी गांव की यह दर्दनाक तस्वीर शासन-प्रशासन की नींद खोलती है या फिर ग्रामीणों की यह मजबूरी यूं ही व्यवस्था के सामने सवाल बनकर खड़ी रहती है।
सवाल सिर्फ एक सड़क का नहीं, बल्कि उन जिंदगियों का है, जिन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए आज भी अपनों के कंधों का सहारा लेना पड़ता है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|LITTIPARA









