बड़ी खबर:जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई,फर्जी APK ऐप से साइबर ठगी करने वाले 3 अपराधी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

8 लाख 13 हजार रुपये नकद, 8 मोबाइल और 6 सिम कार्ड बरामद क्रेडिट कार्ड और कैशबैक का झांसा देकर देशभर में करते थे साइबर ठगी

जामताड़ा,Jamtara:जिले में साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 लाख 13 हजार रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार अपराधियों पर फर्जी APK ऐप भेजकर लोगों की निजी जानकारी हासिल करने और क्रेडिट कार्ड व कैशबैक के नाम पर साइबर ठगी करने का आरोप है।

पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर यह सफलता हासिल की। साइबर अपराध के डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। टीम में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पु०नि० अनिल अभिषेक, पु०नि० अमित कुमार, पु०अ०नि० हीरालाल महतो एवं पु०अ०नि० कुन्दन कुमार वर्मा शामिल थे।

दो ठिकानों पर छापेमारी, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई नारायणपुर थाना क्षेत्र के बोरबा गांव में की। यहां बबलू अंसारी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ आमबगान के समीप की गई, जहां से दो अन्य साइबर अपराधियों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू अंसारी (22 वर्ष), पप्पू मंडल (25 वर्ष) और प्रकाश कुमार मंडल (28 वर्ष) के रूप में हुई है।

फर्जी APK ऐप भेजकर उड़ाते थे लोगों की रकम

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार साइबर अपराधी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। ये लोगों को फोन कर क्रेडिट कार्ड से संबंधित समस्या का समाधान करने का झांसा देते थे। इसके बाद उनके मोबाइल पर रम्मी ऐप का फर्जी APK फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करता था, आरोपियों को उसके मोबाइल की महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल करने का मौका मिल जाता था। इसी जानकारी का इस्तेमाल कर वे साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।

1,999 रुपये कैशबैक का लालच देकर भी करते थे ठगी

साइबर ठगी का दूसरा तरीका भी काफी शातिराना था। आरोपी फोन-पे के नाम पर 1,999 रुपये कैशबैक मिलने का संदेश भेजते थे और लोगों को उसे स्वीकार करने के लिए कहते थे। पुलिस के मुताबिक, जैसे ही कोई व्यक्ति इस झांसे में आकर मैसेज को स्वीकार करता था, आरोपियों के फर्जी ऐप के माध्यम से ठगी की प्रक्रिया शुरू हो जाती थी।

पहले भी साइबर अपराध के मामलों में आरोपित रह चुके हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पप्पू मंडल जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 33/25 में आरोप पत्रित है। वहीं प्रकाश कुमार मंडल भी साइबर अपराध थाना कांड संख्या 09/25 में आरोप पत्रित रह चुका है। पुलिस ने आरोपियों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों में होने की जानकारी दी है।

8.13 लाख नकद सहित कई सामान बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 लाख 13 हजार रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 71/26 एवं 72/26, दिनांक 04 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस 2023, आईटी एक्ट तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ जामताड़ा पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। साइबर ठगी में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं आम लोगों से अपील की गई है कि अनजान नंबर से आने वाले लिंक और APK फाइल डाउनलोड न करें तथा कैशबैक या इनाम के लालच में किसी भी संदिग्ध संदेश को स्वीकार करने से बचें।

REPORTER|SANTOSH KUMAR|JAMTARA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें