पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंक कर्मियों और ग्राहकों को बनाया बंधक,दिनदहाड़े वारदात से पुलिस प्रशासन पर उठे सवाल
गिरिडीह,Pakur:जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र स्थित यूको बैंक की शाखा में दिनदहाड़े हुई भीषण डकैती की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में प्रवेश कर कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक से करीब चार करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और 10 से 12 लाख रुपये नकद लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक सवाल भी उठने लगे हैं। मुख्यमंत्री के गिरिडीह में आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए विपक्ष ने प्रशासन की कार्यशैली पर निशाना साधा है। सवाल उठाया गया है कि जब जिले में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आयोजित हो रहा था और उससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री बैंक से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, तब भी अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक में इतनी बड़ी डकैती को अंजाम कैसे दे दिया?
इस घटना को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा गया कि जिले के वरीय अधिकारियों को राजनीतिक गतिविधियों और कार्यक्रमों में व्यस्त रहने के बजाय कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देनी चाहिए। आरोप लगाया गया कि प्रशासनिक अधिकारियों की कथित राजनीतिक व्यस्तता के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है और आम जनता की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
बयान में गिरिडीह के एसपी से चाटुकारिता छोड़कर जनता के प्रति जवाबदेह बनने की अपील करते हुए डकैती कांड का तत्काल उद्भेदन करने की मांग की गई है। साथ ही अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लूटे गए सोने के जेवरात एवं नकदी की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है।
दिनदहाड़े बैंक में हुई इस बड़ी वारदात ने एक बार फिर जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।अब देखना होगा कि पुलिस इस चुनौती को कितनी गंभीरता से लेती है और कब तक अपराधियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर पाती है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|GIRIDIH









