यूनियन के डॉ.आशीष कुमार ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, सीसीएल रांची मुख्यालय में मामला उठाने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग
रामगढ़,Ramgarh:जिले में सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र अंतर्गत भुरकुंडा स्थित संगम खुली खदान में हेवी ब्लास्टिंग के बाद सामने आए घटनाक्रम ने खदान प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ब्लास्टिंग के दौरान बड़े-बड़े पत्थरों के आसपास के घरों की छतों और खेल मैदान की ओर गिरने की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि, घटना ने संभावित खतरे को लेकर लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए यूनियन के डॉ. आशीष कुमार ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हेवी ब्लास्टिंग के दौरान जिस तरह बड़े-बड़े पत्थर आबादी वाले क्षेत्र और खेल मैदान की ओर पहुंचे, वह बेहद चिंताजनक है। यदि पत्थर किसी व्यक्ति या घर के भीतर गिरते तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
डॉ. आशीष कुमार ने स्पष्ट कहा कि इस मामले को सीसीएल रांची मुख्यालय में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल घटना की औपचारिक जांच पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि ब्लास्टिंग की पूरी प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की गहनता से पड़ताल होनी चाहिए।
उन्होंने बीएलए और आरआर कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि हेवी ब्लास्टिंग के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। ब्लास्टिंग के समय संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार कर्मियों की मौजूदगी थी या नहीं, विस्फोट की तीव्रता कितनी थी तथा इतनी भारी ब्लास्टिंग की अनुमति किस स्तर से दी गई थी, इन सभी बिंदुओं की जांच जरूरी है।
उन्होंने मांग की कि जांच में दोषियों की पहचान कर उनकी जिम्मेदारी तय की जाए और नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ब्लास्टिंग से पहले सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा, प्रभावित क्षेत्र की निगरानी और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हेवी ब्लास्टिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का कितना पालन हुआ और यदि लापरवाही हुई तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी? स्थानीय लोगों की जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए संगम खुली खदान की इस घटना पर सीसीएल प्रबंधन से पारदर्शी जांच और ठोस कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|RAMGARH









