बड़ी खबर:त्योहारों पर पाकुड़ पुलिस का सख्त पहरा,चप्पे-चप्पे पर रहेगी सुरक्षा की नजर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पूजा पंडालों में CCTV और अग्नि शमन उपकरण अनिवार्य,छठ घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर व नावें; दीपावली में रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे जलाने की अनुमति

पाकुड़,Pakur:जिले में दीपावली,काली पूजा और छठ महा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पाकुड़ पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठकों में पूजा समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों को सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

पूजा पंडालों में CCTV, बैरिकेडिंग और अग्निशमन उपकरण जरूरी

पुलिस प्रशासन ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया है। कैमरों के सुचारू संचालन के लिए निर्बाध बिजली, इंटरनेट और जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए पंडालों में बैरिकेडिंग करने तथा पुरुषों और महिलाओं के आवागमन के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा प्रत्येक पूजा पंडाल में आग से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरण और पर्याप्त सुरक्षा सामग्री रखने को कहा गया है। बिजली के सुरक्षित कनेक्शन का उपयोग करने, खुले तारों से बचने और पूरे विद्युत सिस्टम की जांच कराने पर विशेष जोर दिया गया है।

पटाखों के लिए समय निर्धारित, तेज आवाज वाले पटाखों पर रोक

प्रशासन ने आतिशबाजी को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्धारित समय के अनुसार दीपावली की रात 8 बजे से 10 बजे तक तथा छठ पर्व के दौरान सुबह 6 बजे से 8 बजे तक ही पटाखे जलाने की अनुमति होगी। पूजा समितियों से अपील की गई है कि आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कराएं और लोगों को जागरूक करें। साथ ही हाई डेसिबल वाले पटाखों का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया है।

स्वयंसेवकों की तैनाती और विसर्जन जुलूस पर रहेगी नजर

भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पूजा पंडालों में स्वयंसेवकों की तैनाती अनिवार्य की गई है। स्वयंसेवकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए एक समान रंग की टोपी, पहचान पत्र या बैज रखने को कहा गया है। आपातकालीन स्थिति में तत्काल सहायता के लिए पुलिस एवं इमरजेंसी नंबर की जानकारी बैनर और होर्डिंग के माध्यम से प्रदर्शित करने तथा पंडालों में लाउडस्पीकर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।

लक्ष्मी पूजा एवं काली पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान जुलूस पारंपरिक मार्गों से निकालने को कहा गया है। इस दौरान अश्लील गाने, भड़काऊ नारे और किसी भी समुदाय की भावना को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों से पूरी तरह बचने की हिदायत दी गई है।

छठ घाटों पर गोताखोर और नावों की तैनाती, गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग

छठ महापर्व को लेकर भी पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। जिले के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है। नदी और तालाबों में अधिक गहराई वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की अनहोनी का सामना नहीं करना पड़े।

इसके साथ ही संवेदनशील घाटों पर गोताखोरों, नावों और अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन का विशेष जोर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर रहेगा।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

पुलिस प्रशासन ने सभी पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से आपसी सहयोग, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य है कि दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न हो।

REPORTER|RAJEEV KUMAR|PAKUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें