बड़ी खबर:त्योहारों से पहले साहिबगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा!नाम चीन होटलों और मिठाई दुकानों से पनीर-मिठाई के 5 सैंपल जब्त,एक दुकानदार को नोटिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोकुल स्वीट्स से लेकर कलिंगा इंटरनेशनल होटल तक जांच की जद में आए प्रतिष्ठान, लैब में होगी खाद्य पदार्थों की शुद्धता की जांच

साहिबगंज,Sahibganj:जिले में त्योहारों का मौसम आते ही मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी के मद्देनजर मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आम लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। उपायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने साहिबगंज मुख्य बाजार में सघन औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान शहर के नामचीन होटलों और मिठाई दुकानों से पनीर एवं मिठाई के कुल पांच नमूने संग्रहित किए गए।

जांच अभियान के दौरान गोकुल स्वीट्स एंड नमकीन, बादशाह स्वीट्स, कलिंगा इंटरनेशनल होटल, ग्रीन इन और तीज रेस्टोरेंट सहित शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित कर उन्हें गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। अब लैब रिपोर्ट से ही खाद्य पदार्थों की वास्तविक गुणवत्ता और शुद्धता का पता चल सकेगा।

जांच में कमी मिलने पर एक दुकानदार को नोटिस

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमी पाए जाने पर एक दुकानदार को विभाग की ओर से नोटिस भी जारी किया गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।

FSSAI के नियमों का पालन करने की हिदायत

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी दुकानदारों और होटल संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों के अनुरूप ही खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री और बिक्री व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लैब रिपोर्ट पर टिकी नजर, आगे भी जारी रहेगा अभियान

विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब सभी की नजरें प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए औचक जांच एवं कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें