बड़ी खबर:साहिबगंज में बस पहाड़ में क्रशर का कथित अवैध खेल!ब्लास्टिंग के कंपन से डोराय पहाड़ के घरों में पड़ रहीं दरारें,पहाड़िया ग्रामीणों ने डीसी से लगाई न्याय की गुहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मंडल मुर्मू ने दी आंदोलन की चेतावनी,कहा—प्रशासन ने अविलंब कार्रवाई नहीं की तो पूरे गांव के लोगों के साथ होगा आंदोलन;आठ सूत्री मांगों के साथ उपायुक्त को सौंपा सामूहिक आवेदन

साहिबगंज,Sahibganj:जिले के बरहेट अंचल सह प्रखंड अंतर्गत डोराय पहाड़ गांव के पहाड़िया समुदाय एवं अन्य आदि वासी परिवारों ने गांव के निकट स्थित बस पहाड़ में संचालित क्रशर इकाइयों और कथित अनियमित खनन एवं विस्फोट गति विधियों के खिलाफ आवाज बुलंद की है।ग्रामीणों ने उपायुक्त, साहिबगंज को सामूहिक आवेदन सौंपकर पूरे मामले में तत्काल प्रशासनिक हस्तक्षेप,उच्चस्तरीय संयुक्त जांच और दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि बस पहाड़ में क्रशर इकाइयों का संचालन कथित तौर पर निर्धारित वैधानिक, पर्यावरणीय एवं सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना किया जा रहा है। खनन और विस्फोट के दौरान उत्पन्न तेज कंपन से डोराय पहाड़ गांव के कई आवासीय मकानों की दीवारों में दरारें पड़ने लगी हैं। इससे ग्रामीणों के बीच भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

ब्लास्टिंग के कंपन से मकानों की संरचना पर खतरा

सामूहिक आवेदन में ग्रामीणों ने बताया है कि विस्फोट के कारण उत्पन्न तीव्र कंपन से मकानों की दीवारों में दरारें विकसित हो रही हैं। इससे भवनों की संरचनात्मक मजबूती और उनमें रहने वाले परिवारों की सुरक्षा पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। विशेष रूप से पहाड़िया समुदाय के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। उनका कहना है कि कमजोर आवासीय मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए यह स्थिति लगातार खतरनाक होती जा रही है।

खनन की अनुमति और सुरक्षा मानकों पर उठाए सवाल

ग्रामीणों ने क्रशर एवं खनन गतिविधियों की वैधानिकता पर भी सवाल उठाए हैं। आवेदन में खनन पट्टा, पर्यावरणीय स्वीकृति, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सहमति, विस्फोट की अनुमति तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अभिलेखीय और स्थलीय सत्यापन कराने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जांच में अनियमितता सामने आने पर संबंधित इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

मंडल मुर्मू,भाजपा नेता सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाजपा।साहिबगंज,झारखंड

मंडल मुर्मू ने दी आंदोलन की चेतावनी,प्रशासन को अल्टीमेटम

इस मामले पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मंडल मुर्मू ने भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पहाड़िया एवं आदिवासी समाज के लोगों की जान-माल, आवास और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। ग्रामीणों की शिकायतों को प्रशासन को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जिले के उपायुक्त एवं संबंधित विभागीय अधिकारी इस मामले पर अविलंब संज्ञान लेकर कार्रवाई नहीं करते हैं, तो वे पूरे गांव के लोगों के साथ आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के घरों में दरारें पड़ने और उनकी सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। जांच में अनियमितता प्रमाणित होने पर संबंधित क्रशर एवं खनन संचालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।

प्राकृतिक जलस्रोत और पर्यावरण संरक्षण की भी मांग

आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि खनन एवं क्रशर गतिविधियों से प्राकृतिक जलस्रोतों, वायु गुणवत्ता और आसपास के पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने प्रभावित जलस्रोतों, वायु गुणवत्ता और पर्यावरणीय परिस्थितियों की वैज्ञानिक जांच कराने तथा आवश्यक संरक्षणात्मक कदम उठाने की मांग की है।

आठ सूत्री मांगों के साथ प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील

ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष आठ प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें जिला प्रशासन, जिला खनन कार्यालय, वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं संबंधित तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम गठित कर स्थल निरीक्षण कराने, क्रशर और खनन इकाइयों के दस्तावेजों का सत्यापन करने तथा प्रभावित मकानों की वैज्ञानिक जांच कराने की मांग शामिल है।

इसके अलावा कथित अवैध गतिविधियां प्रमाणित होने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, जांच पूरी होने तक आवश्यक प्रतिबंधात्मक कदम, प्राकृतिक जलस्रोतों एवं पर्यावरण का संरक्षण, पहाड़िया और अन्य आदिवासी परिवारों के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की रक्षा, प्रभावित परिवारों को उचित क्षतिपूर्ति तथा शिकायतकर्ताओं को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

ग्रामीणों ने अपने आवेदन में खनिज एवं खनन (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 और वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों का हवाला देते हुए खनन गतिविधियों की वैधानिकता की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया है।

ग्रामीणों की दो टूक—हादसे का इंतजार नहीं, समय रहते हो कार्रवाई

ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला केवल क्रशर संचालन या खनन गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके घरों, जीवन, प्राकृतिक संसाधनों और आदिवासी समुदाय के अधिकारों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। यदि समय रहते प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

समस्त प्रभावित पहाड़िया समुदाय एवं अन्य आदिवासी ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने और जांच में आरोप प्रमाणित होने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं भाजपा नेता मंडल मुर्मू की आंदोलन की चेतावनी के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन ग्रामीणों की शिकायतों पर क्या कदम उठाता है।

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें