NH-33 पर अर्जुन मुंडा के काफिले की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचे पूर्व मुख्यमंत्री
चांडिल,Ranchi:झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा शुक्रवार की शाम एक सड़क हादसे में बाल- बाल बच गए।रांची से जमशेदपुर जाने के दौरान चांडिल थाना क्षेत्र के बड़ामटांड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर उनके काफिले की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार,अर्जुन मुंडा अपने काफिले के साथ रांची से जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित वाहन ने काफिले की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूर्व मुख्यमंत्री की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में अर्जुन मुंडा पूरी तरह सुरक्षित रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय भाजपा नेता घटनास्थल पर पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री का हालचाल जाना। हादसे की खबर फैलते ही उनके समर्थकों एवं शुभचिंतकों के बीच चिंता का माहौल बन गया। अर्जुन मुंडा के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI









