डॉल्फिन संरक्षण को मिलेगी नई मजबूती,साहिबगंज में डॉल्फिन वॉचर्स का दो दिवसीय फोटोग्राफी प्रशिक्षण संपन्न
Sahibganj:जिले में गंगा की लहरों में अठखेलियां करने वाली दुर्लभ डॉल्फिन के संरक्षण और वैज्ञानिक निगरानी को मजबूत बनाने की दिशा में साहिबगंज वन प्रमंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।इसी कड़ी में वन प्रमंडल के डॉल्फिन वॉचर्स के लिए आयोजित दो दिवसीय डॉल्फिन फोटोग्राफी प्रशिक्षण शुक्रवार को संपन्न हो गया। वन प्रमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण में वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट (WCT), मुंबई के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को डॉल्फिन की वैज्ञानिक फोटोग्राफी और उसकी पहचान से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षक सौमेन बख्शी, आशुतोष कुमार एवं अक्षय कुमार ने बताया कि डॉल्फिन की फोटोग्राफी केवल तस्वीरें लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उसके वैज्ञानिक अध्ययन और दीर्घकालिक संरक्षण का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। सही तकनीक और स्पष्ट कोण से ली गई तस्वीरों के जरिए डॉल्फिन की शारीरिक बनावट, लंबाई और अन्य विशेषताओं का अध्ययन किया जा सकता है। इससे उसकी आयु का अनुमान लगाने के साथ-साथ नर और मादा की पहचान करने में भी मदद मिलती है।
विशेषज्ञों ने बताया कि डॉल्फिन के थूथन (Snout) की लंबाई सहित शरीर की विभिन्न विशेषताओं के आधार पर उसकी पहचान और शारीरिक स्थिति का आकलन किया जा सकता है। वहीं, शरीर पर दिखाई देने वाले निशान और अन्य लक्षणों के माध्यम से उसके स्वास्थ्य एवं शारीरिक स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त की जा सकती हैं।
प्रशिक्षण में डॉल्फिन के शिशुओं (Calves) की पहचान और उनकी उपस्थिति का रिकॉर्ड रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, डॉल्फिन के बच्चों की नियमित निगरानी से नदी में उनके प्रजनन की स्थिति और प्रजनन के लिए अनुकूल पर्यावरणीय परिस्थितियों को समझने में सहायता मिलती है। प्रतिभागियों को फील्ड में फोटोग्राफी करते समय महत्वपूर्ण शारीरिक विशेषताओं को कैमरे में दर्ज करने और तस्वीरों के माध्यम से वैज्ञानिक आंकड़े एकत्र करने की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी ने कहा कि डॉल्फिन के संरक्षण के लिए वैज्ञानिक निगरानी और नियमित आंकड़ा संकलन बेहद जरूरी है। प्रशिक्षित डॉल्फिन वॉचर्स द्वारा की जाने वाली फोटोग्राफी से डॉल्फिन की पहचान, उनकी गतिविधियों, स्वास्थ्य और प्रजनन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने में मदद मिलेगी। इससे संरक्षण से संबंधित योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण से डॉल्फिन वॉचर्स की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और वे क्षेत्र में वैज्ञानिक तरीके से निगरानी कर सकेंगे। गंगा नदी में डॉल्फिन की मौजूदगी और उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के लिए इस प्रकार का प्रशिक्षण भविष्य में संरक्षण प्रयासों को नई दिशा प्रदान करेगा।
GTV BHARAT NEWS|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ









