साहिबगंज:दीपावली,काली पूजा और छठ को लेकर तीनपहाड़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक,सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

10 नवंबर को अधिकांश पूजा समितियां करेंगी प्रतिमा विसर्जन, छठ के दौरान बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की उठी मांग

Sahibganj:जिले के दीपावली काली पूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को तीनपहाड़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजमहल अंचलाधिकारी (सीओ) मो. यूसुफ ने की।इस दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

बैठक में तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के निमगाछी, बभनगामा, तीनपहाड़, बाकुडी, धमधमिया एवं जोंका सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाली काली पूजा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सीओ मो. यूसुफ ने सभी पूजा समितियों से पूजा कार्यक्रम, प्रतिमा विसर्जन की तिथि एवं विसर्जन के लिए निर्धारित सड़क मार्ग की जानकारी ली। उन्होंने समितियों से आपसी समन्वय बनाकर सभी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की।

इस दौरान सीओ ने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी लोग आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही बिना पुष्टि के किसी भ्रामक सूचना को आगे फैलाएं। यदि किसी को किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी मिलती है तो तत्काल इसकी सूचना थाना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के अधिकांश पूजा समितियों द्वारा पूजा संपन्न होने के बाद 10 नवंबर को प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। वहीं, छठ महापर्व को लेकर तीनपहाड़ छठ पूजा समिति के सदस्यों ने विशेष यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। समिति के लोगों ने छठ पूजा के दिन दोपहर 12 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक तीनपहाड़ क्षेत्र में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आपसी सहयोग और प्रशासनिक समन्वय पर जोर दिया।सभी से अपील की गई कि पर्व-त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|TINPAHAR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें